चम्पावत में बनेगा एडवेंचर पार्क, निर्माण के लिए शासन से मिली 3.05 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति
चम्पावत। जनपद में पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में निरंतर बढ़ावा मिल रहा है इस क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा अंतर्गत चम्पावत में प्रस्तावित एडवेंचर पार्क के निर्माण को शासन ने 3.05 करोड़ (305.34 लाख रुपये) की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
शासन द्वारा जारी स्वीकृति के अनुसार निर्माण कार्य स्वीकृत आगणन एवं निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाएगा। कार्य की निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद वास्तविक व्यय के आधार पर धनराशि खर्च की जाएगी।साथ ही निर्माण कार्य प्रारम्भ करने से पूर्व सभी तकनीकी एवं विभागीय औपचारिकताओं का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
पर्यटन अनुभाग-2, उत्तराखण्ड शासन द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार परियोजना का निर्माण कार्य कुमाऊँ मण्डल विकास निगम लिमिटेड (केएमवीएन) के माध्यम से कराया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में परियोजना के क्रियान्वयन हेतु ₹1.22 करोड़ (122 लाख रुपये) की धनराशि व्यय किए जाने की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप यह परियोजना चम्पावत में साहसिक पर्यटन को नई दिशा देगी। उन्होंने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता, तकनीकी मानकों एवं समयसीमा के अनुरूप पूर्ण किया जाए, ताकि परियोजना का लाभ शीघ्र स्थानीय जनता और पर्यटकों को मिल सके।
इस परियोजना के साकार होने से चम्पावत में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा जनपद पर्यटन के क्षेत्र में एक नए आकर्षण के रूप में विकसित होगा। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि यह परियोजना चम्पावत को पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

