चुनाव जीतने के बाद मां पूर्णागिरि के दर्शनों को पहुंचे विधायक कैलाश गहतोड़ी, कहा- धामी सीएम बनते हैं तो वे उनके लिए छोड़ देंगे अपनी सीट


चम्पावत/टनकपुर। चम्पावत सीट पर भाजपा से दोबारा विधायक निर्वाचित हुए कैलाश गहतोड़ी ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की खटीमा से हुई हार दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके छह माह में किए विकास कार्यों को देखते हुए मैं पार्टी से उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाने की मांग करता हूं। अगर वह सीएम बनाते हैं तो उनके लिए मैं अपनी सीट छोड़ने के लिए तैयार हूं। कैलाश गहतोड़ी ने मीडिया से कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दुर्भाग्य से चुनाव हारे हैं, लेकिन उन्होंने भाजपा की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण कार्य किया। धामी को काफी कम मात्र छह माह का कार्यकाल मिला, लेकिन उन्होंने अपनी नीतियों और कार्यों से भाजपा को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। गहतोड़ी ने कहा कि पार्टी को पुष्कर सिंह धामी को ही मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। उनके लिए वे चम्पावत की सीट छोड़ने को तैयार हैं। प्रदेश की जनता भी उन्हें ही मुख्यमंत्री देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि यह खटीमा क्षेत्र का दुर्भाग्य रहा कि एक यशस्वी और युवा मुख्यमंत्री को हार का मुंह देखना पड़ा है। उनकी हार से खटीमा क्षेत्र की जनता भी दुखी है। कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि उत्तराखंड में दूसरी बार भाजपा की सरकार बनी है, राज्य में विकास को गति देने के लिए धामी जैसे युवा नेता को फिर से मुख्यमंत्री बनाया जाना जरूरी है। वहीं चुनाव जीतने के बाद कैलाश गहतोड़ी ने मां पूर्णागिरि के दरबार में जाकर मत्था टेका।




