चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमबनबसा

चम्पावत : बनबसा में अग्निवीर भर्ती रैली 27 से फरवरी से, डीएम ने भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर की बैठक

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत/बनबसा। सेना की अग्निवीर भर्ती रैली (2025-26) बनबसा के कमलपथ स्थित आर्मी स्टेशन में 27 फरवरी से शुरू होगी। चम्पावत और पिथौरागढ़ जिले के अभ्यर्थियों के लिए होने वाली यह रैली 5 मार्च तक चलेगी। अग्निवीर रैली के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। भर्ती रैली जनरल ड्यूटी के अलावा ट्रेडमैन, तकनीशियन, क्लर्क व स्टोर कीपर तकनीकी के लिए होंगी।

AVGD (अग्निवीर जनरल ड्यूटी)

27 फरवरी: पिथौरागढ़ मुंसियारी बंगापानी और थल तहसील।
28 फरवरी: तेजम, देवलथल, गंगोलीहाट, कनालीछीना, बेड़ीनाग और गणाईगंगोली तहसील।
1 मार्चः धारचूला, डीडीहाट, पाटी व चंपावत तहसील।
2 मार्च: लोहाघाट, पूर्णागिरि (टनकपुर) व बाराकोट तहसील।
अग्निवीर
3 मार्च: पिथौरागढ़ व चम्पावत जिले के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर ट्रेडमैन, तकनीशियन, क्लर्क व स्टोर कीपर तकनीकी।
4 मार्च व 5 मार्च: रिजर्व डे। पिथौरागढ़ व चम्पावत जिले के अभ्यर्थियों के लिए पेंडिंग दस्तावेज व पेंडिंग रैली मेडिकल के लिए।

अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

चम्पावत। भारतीय सेना द्वारा आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली 2025–26 के सफल आयोजन के संबंध में जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैन्य अधिकारियों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने भर्ती प्रक्रिया को सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने हेतु सैन्य–नागरिक समन्वय को सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। उन्होंने विभिन्न विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने भर्ती के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेस ट्रैक को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किए जाने, पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल टैंकर तैनात करने, चिकित्सा विभाग द्वारा मेडिकल टीम, एम्बुलेंस तथा प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था रखने,
स्वच्छता एवं सैनिटेशन बनाए रखने के लिए अस्थायी शौचालयों की स्थापना, नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा कंजरवेंसी स्टाफ एवं हाउसकीपिंग कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, साथ ही सिविल इंटेलिजेंस इकाइयाँ भी सक्रिय रखने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने अग्निशमन विभाग द्वारा फायर ब्रिगेड एवं आपातकालीन संसाधन स्थल पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विशेषकर दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन समन्वय कर आवश्यकतानुसार अस्थायी आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने भर्ती स्थल के आसपास आवश्यक वस्तुओं एवं खाद्य सामग्री के मूल्यों की निगरानी रखने के निर्देश दिए ताकि किसी प्रकार की ओवरचार्जिंग न हो।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अग्निवीर भर्ती रैली को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों पर समय से उपस्थित हों, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं तथा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, कर्नल राहुल, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (से.नि) उमेद सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।