टनकपुर : डंपर की चपेट में आने से आमबाग प्रधान गंभीर रूप से घायल
टनकपुर/चम्पावत। डंपर की चपेट में आने से निकटवर्ती ग्राम पंचायत आमबाग की प्रधान ललिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि डंपर की चपेट में आने से ग्राम प्रधान के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री शिवराज सिंह कठायत व जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा ने अस्पताल पहुंच कर घायल ग्राम प्रधान का हालचाल जाना। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार आमबाग की प्रधान 43 वर्षीय ललिता सिंह पत्नी जनक सिंह सोमवार को बनबसा जा रही थीं। इसी दौरान टनकपुर-बनबसा हाईवे में सेल टैक्स कार्यालय के पास डंपर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में डंपर का टायर प्रधान के पैर में चढ़ गया। घायल को उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। डॉक्टर जितेंद्र जोशी ने बताया कि महिला के बाएं पांव में गंभीर चोट होने के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार की बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि परिजनों द्वारा अभी कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। लिखित सूचना प्राप्त होते ही मुकदमा की कार्यवाही अमल पर लाई जाएगी।


