देहरादून गोलीकांड और मौत मामले में एक अधिकारी पर गिरी गाज, सस्पेंड
देहरादून। देहरादून में कल हुए गोलीकांड और रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत मामले में अब प्रशासन का एक और बड़ा एक्शन सामने आया है। आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित आबकारी उप निरीक्षक सोबन सिंह रावत को निलंबित कर दिया है। ये आदेश आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने जारी किया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि राजपुर रोड स्थित Genz Bar देर रात तक खुला हुआ था। नियमों के अनुसार किसी भी स्थिति में बार को रात 12 बजे तक ही संचालित करने की अनुमति होती है। लेकिन Genz बार देर रात तक खुला रहा। आबकारी विभाग के अनुसार संबंधित अधिकारी ने अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती। विभाग के द्वारा जारी आदेश के अनुसार,मसूरी क्षेत्र में होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की निगरानी एवं उसकी सूचना से उच्चाधिकारियों को अवगत करने का उत्तरदायित्व संबंधित उप निरीक्षक को सौंपा गया था। अपने उच्चाधिकारी को यथास्थिति से अवगत नहीं कराने, समय पर बार अनुज्ञापनों की बंदी सुनिश्चित नहीं कराने के दायित्व के निर्वहन में बरती गई घोर लापरवाही के चलते ये कार्यवाही हुई हैं। आदेश के अनुसार, आबकारी इंस्पेक्टर को अग्रिम आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान अधिकारी को जिला आबकारी अधिकारी, देहरादून कार्यालय से संबद्ध किया गया है।


