चम्पावत निवासी सेना के जवान ने देश सेवा करते हुए ली अंतिम सांस, क्षेत्र में शोक की लहर

चम्पावत। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम निवासी सेना के एक जवान ने देश सेवा करते हुए अंतिम सांस ली है। जवान के निधन की सूचना मिलते ही जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। जवान का पार्थिव शरीर कल बुधवार को चम्पावत पहुंचेगा। उसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा।
जिला मुख्यालय की निकटवर्ती ग्राम पंचायत ढकना बडोला के तोक चौड़ाकोटी निवासी 31 वर्षीय विनीत चौड़ाकोटी आठ कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात थे। विनीत के चचेरे भाई भाजपा नेता दिनेश चौड़ाकोटी ने बताया कि विनीत की दो साल पूर्व तक जम्मू कश्मीर में ड्यूटी थी। वहां से लौटने के बाद विनीत बीमार रहने लगा। चिकित्सकों के अनुसार उसे दिल की बीमारी हो गई थी। विनीत का पिछले लंबे समय से पूना में उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान मंगलवार को उसका निधन हो गया। कल बुधवार को विनीत का शव चम्पावत पहुंचने की उम्मीद है। जिसके बाद सैन्य सम्मान के साथ विनीत का अंतिम संस्कार किया जाएगा। बताया जाता है कि विनीत के बड़े भाई सतीश चौड़ाकोटी और चचेरे भाई कमल चौड़ाकोटी पूना में ही हैं। अविवाहित विनीत के परिवार में एक बड़े भाई, दो बड़ी बहनें, मां और पिता हैं। विनीत के पिता बसंत बल्लभ चौड़ाकोटी खेतीबाड़ी करते हैं। जबकि मां धर्मा देवी गृहणी हैं।

