चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में बड़ी कार्रवाई: सरकारी भूमि पर अवैध खनन कर बनाई सड़क पर चला जेसीबी का पीला पंजा, चालान

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार के सख्त आदेशों के बाद प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपना लिया है। उप जिलाधिकारी विपिन चंद्र पंत के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम ने मुड़ियानी क्षेत्र में अवैध रूप से सरकारी जमीन पर बनाई गई एक निजी सड़क को जेसीबी मशीन से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। इसके साथ ही आरोपी के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई है।

तहसीलदार ब्रज मोहन आर्य ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम खर्ककार्की निवासी एडवोकेट प्रेम सिंह अधिकारी (पुत्र देव सिंह अधिकारी) ने मुड़ियानी के तोक में राजस्व विभाग की बेशकीमती भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया था। आरोपी ने न सिर्फ सरकारी जमीन पर अवैध खनन किया, बल्कि अपने घर तक पहुंचने के लिए अवैध रूप से कटान और खुदान कर एक निजी सड़क का निर्माण भी करवा लिया था।

Ad Ad

शिकायत की पुष्टि होने पर राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) दीनदयाल वर्मा और राजस्व उप निरीक्षक (पटवारी) विनोद देव टीम और जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध सड़क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान अवैध खनन की जांच के लिए जिला खान अधिकारी राहुल साह, भू-वैज्ञानिक डॉक्टर हरीश बिष्ट, गौरव पुनेठा और हरीश राम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई अमल में लाई गई। एसडीएम विपिन चंद्र पंत ने कहा है कि क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने या अवैध खनन करने की इजाजत बिल्कुल नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के अवैध कब्जों/निर्माणों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी रहेगी।

Ad