जनपद चम्पावतटनकपुर

ड्रग माफिया के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन: टनकपुर के चरस तस्कर की 40 लाख की संपत्ति को पुलिस ने किया फ्रीज

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। ड्रग माफियाओं के विरूद्ध चम्पावत पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने टनकपुर के चरस तस्कर की लगभग 40 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।
एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि नशामुक्त उत्तराखण्ड बनाये जाने एवं ड्रग्स माफियाओं के विरूद्ध कार्यवाही हेतु दिये गये निर्देशों के क्रम में जनपद चम्पावत में लगातार कार्यवाही की जा रही है। व्यवसायिक मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले ड्रग माफियाओं की चल-अचल सम्पत्ति जब्तीकरण की कार्यवाही करने को लेकर सभी क्षेत्राधिकारियों/थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। निर्देशों के तहत वर्ष 2022 में थाना टनकपुर में पंजीकृत FIR No-68/2022 अन्तर्गत धारा 08/20 NDPS Act में गिरफ्तार अभियुक्त नुक्ता प्रसाद पुत्र पूरन लाल, निवासी वार्ड न0-05, नई बस्ती, थाना टनकपुर के कब्जे से व्यवसायिक मात्रा 04 किलोग्राम चरस बरामद होने पर उसके विरूद्ध NDPS Act के अन्तर्गत सम्पत्ति जब्तीकरण की कार्यवाही के लिए चिह्नित किया गया है। साथ ही उसके आय के अन्य स्रोतों की जानकारी प्राप्त की गयी है।
नुक्ता प्रसाद का टनकपुर नगर पालिका क्षेत्रान्तर्गत 03 मंजिला मकान तथा उसके परिजनों के विभिन्न खातों में लगभग 17 लाख की नगद धनराशि (कुल 40 लाख की चल-अचल सम्पत्ति) पायी गयी। जिसके सम्बन्ध में अभियुक्त द्वारा कोई वैध आय के स्रोत/ दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये जाने के पश्चात उसके द्वारा अर्जित कुल 40 लाख की सम्पत्ती (03 मंजिला मकान तथा 17 लाख की धनराशि) को फ्रीज किये जाने के लिए तहसीलदार टनकपुर, ईओ नगर पालिका तथा सम्बन्धित बैंको के नोडल अधिकारियों को पत्राचार किया गया। पत्राचार करते हुए संपत्ति को फ्रीज करवाया गया है।
पुलिस की कार्यवाही से जिले के ड्रग माफियाओं में हड़कम्प मचा हुआ है। एसपी ने बताया कि जब्तीकरण के लिए अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है। बताया कि नशे के कारोबार में लिप्त माफियाओं के विरुद्ध संपत्ति जब्तीकरण का अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। पुलिस टीम में कोतवाल चन्द्र मोहन सिंह, एसआई अन्जू यादव, कानि0 रामलाल, विक्रम सिंह, सुरेन्द्र सामन्त शामिल रहे।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
01- FIR No-230/2003 अन्तर्गत धारा 08/20 NDPS Act
02- FIR No-67/2022 अन्तर्गत धारा 60 आबकारी अधिनियम
03-FIR No-68/2022 अन्तर्गत धारा 08/20 NDPS Act

Ad