नैनीताल के भीमताल में बड़ा सड़क हादसा, बच्चों से भरा टेंपो ट्रेवलर खाई में गिरा
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भीमताल-हल्द्वानी रोड पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जहां बोहराकून नाम की जगह पर छात्रों से भरा टेंपो ट्रैवलर खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि ट्रैवलर में तकरीबन 24-25 बच्चे सवार थे। फिलहाल, घायलों को रेस्क्यू अस्पताल पहुंचा दिया गया है, जहां पर उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद से 24 से 25 बच्चों का ग्रुप टेंपो ट्रैवलर से भीमताल घूमने आया था। जो घूमने के बाद वापस गाजियाबाद की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान भीमताल-हल्द्वानी रोड पर बोहराकून के पास टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट खाई में जा गिरा। ट्रैवलर खाई में गिरता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना भीमताल पुलिस को दी।

वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल भेजा गया। जहां सभी घायलों का उपचार चल रहा है। इनमें 3-4 बच्चों को ज्यादा चोटें आई है। फिलहाल, घायलों की जानकारी पुलिस जुटा रही है। वहीं, सड़क संकरी होने के चलते हादसा होने का अंदेशा लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर में गाजियाबाद के एक निजी कॉलेज के छात्र सवार थे। जो नैनीताल और कैंची धाम घूमने आए थे। देर शाम सभी लोग कैंची धाम, नैनीताल समेत आसपास के पर्यटक स्थल घूम कर वापस गाजियाबाद की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनका ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा।
टेंपो ट्रैवलर के चालक अमित कुमार ने बताया कि हमारी गाड़ी के पीछे एक कार आ रही थी। जिसमें कुछ युवक सवार थे। जिन्हें दो बार पास भी दिया गया था। वो बार-बार पास मांगने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में जिस जगह पर हादसा हुआ, वहां पर उन्हें पास देते वक्त टेंपो ट्रैवलर की टायर बाहर निकल गया। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया।

