हत्या के आरोपी पार्षद को भाजपा ने किया निष्कासित, पुलिस ने किया गिरफ्तार
हल्द्वानी। हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में कल देर रात हुई 22 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बीजेपी पार्षद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस देर रात से ही आरोपी पार्षद को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी हुई थी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पार्षद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं अब पार्टी ने भी पार्षद के खिलाफ कार्रवाई की है। भाजपा ने पार्षद को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में 4 जनवरी देर रात गायत्री होटल के पास 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर रामपुर रोड क्षेत्र के बीजेपी पार्षद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस को तहरीर देते हुए पीयूष लोहनी ने बताया कि कल शाम उसका भाई नितिन लोहनी निवासी जज फार्म हल्द्वानी अपने दोस्त कमल भंडारी के साथ गौला पार गया हुआ था।

देर रात घर लौटते वक्त नितिन लोहनी ने दोस्त कमल से कहा कि पार्षद का बेटा जय मेरा दोस्त है। उससे मिल कर चलते हैं। घटना स्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी कमल भंडारी के मुताबिक, जैसे ही कमल द्वारा जय के घर की डोर बेल बजाई, उसके कुछ देर बाद उसका पिता पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू बंदूक लेकर बालकनी में आया और गाली गलौज करने लगा। जब नितिन और कमल ने गाली गलौज का विरोध किया तो पार्षद अमित उत्तेजित हो गया। पार्षद द्वारा दर्मवाल के गुंडे कहकर फायर झोंक दिया। गोली नितिन को लगी, जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी भाजपा पार्षद अमित बिष्ट निवासी गायत्री होटल से एसकेएम स्कूल नहर रोड के खिलाफ धारा 103(1) 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने देर रात ही आरोपी पार्षद को हिरासत में लेते हुए पूछताछ की जा रही थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी पार्षद को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया है कि युवक की हत्या के मामले में आरोपी पार्षद को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, 5 जनवरी देर शाम भाजपा के नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने पत्र जारी करते हुए हत्या के आरोप में गिरफ्तार पार्षद को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
आरोपी ने पीड़ित बन कर कोतवाली पुलिस को दी थी घटना की सूचना
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नाम न बताने की शर्त पर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भाजपा पार्षद ने युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद कोतवाली के एक पुलिस कर्मी को पीड़ित बन कर फोन पर सूचना भी दी थी। अमित बिष्ट ने बताया कि देर रात इसके घर में दो लोग आए थे। उनके द्वारा घर पर फायरिंग भी की गई। जवाबी कार्रवाई में उन्होंने भी फायर किया। जिसमें युवक के पैर में गोली लगी है। जबकि दूसरा व्यक्ति मौके से भाग खड़ा हुआ।

