उत्तराखण्डनवीनतमराजनीति

भाजपा के चुनाव प्रभारियों का दून आगमन पर हुआ जोरदार स्वागत, प्रहलाद जोशी ने कहा मिथक तोड़कर प्रदेश में पुनः बनेगी भाजपा की सरकार

ख़बर शेयर करें -

प्रदेश के चुनाव प्रभारी केंद्रीय खान व कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी, चुनाव सह प्रभारी सरदार आरपी सिंह व सांसद लॉकेट चटर्जी के उत्तराखंड में प्रथम आगमन पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर देहरादून तक भाजपा के तमाम कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर मानव श्रृखला बनाकर पुष्प वर्षा के साथ उनका स्वागत किया। शाम को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में चुनाव प्रभारियों ने प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों व जिला प्रभारियों की बैठक ली। इस मौके पर चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में मिथक तोड़कर पुनः भाजपा की सरकार बनेगी। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदेमातरम के साथ किया गया।
इस मौके पर प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने पदाधिकारियों को पूर्ण मनोयोग से 2022 के चुनावों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर प्रदेश में एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस के मिथक को तोड़ते हुए प्रदेश में पुनः भाजपा की भारी बहुमत की सरकार बनेगी। इस कार्य के लिए सभी को अपने बूथ को मजबूत करने पर जोर देना है। प्रह्लाद जोशी ने कहा कि जिस प्रकार केंद्र की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सात सालों में उस पर कोई भी भ्रष्टाचार का आरोप नही लगा है, उसी प्रकार प्रदेश की साढ़े चार साल की सरकार ने बेहद ईमानदारी से जनहित के कार्य किये है और उस पर इस दौरान कोई भी आरोप नहीं लगा है। जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों में घोटालों की एक श्रृंखला सी बन गयी थी।


चुनाव प्रभारी जोशी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने कोरोनाकाल में लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत मुफ्त राशन देने का कार्य किया। केंद्र सरकार द्वारा सभी देशवासियों का मुफ्त वैक्सीनेशन किया जा रहा है और पूरे विश्व मे तेजी से वैक्सीनेशन का रिकार्ड कायम किया है। चुनाव प्रदेश प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने सभी जिला प्रभारियों को अपने जिले के मंडलों, शक्तिकेन्द्रों और बूथों में निरंतर प्रवास करने तथा कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद रखकर केंद्र व प्रदेश सरकार के जनहितकारी कार्यो को जनता के बीच मे ले जाने का निर्देश दिया।


प्रदेश चुनाव सह प्रभारी आरपी सिंह ने पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद रखने और उनके बीच मे पार्टी के कार्यक्रमों का सुचारू क्रियान्वयन करने की बात कही। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने चुनाव प्रभारी और चुनाव सह प्रभारियों का भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रथम आगमन पर स्वागत करते हुए कहा कि आपके मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी पुनः प्रदेश में भारी बहुमत की सरकार बनायेगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय ने सभी पदाधिकारियों का परिचय प्रदेश चुनाव प्रभारी व चुनाव सह प्रभारियों से कराया। उन्होंने प्रदेश में सभी बूथ समितियों के गठन और उनके सत्यापन कार्य सम्पन्न की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक रूप से पूर्णतया तैयार है। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री राज्य सभा सांसद दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, राजेन्द्र भंडारी, सुरेश भट्ट सहित समस्त प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी उपस्थित रहे।

जश्न में डूबी भाजपा, जगह जगह स्वागत, टिकट के दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन
इससे पहले भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के नवनियुक्त प्रदेश चुनाव प्रभारी केंद्रीय खान व कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी, चुनाव सह प्रभारी सरदार आरपी सिंह व सांसद लॉकेट चटर्जी के उत्तराखंड में प्रथम आगमन पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर देहरादून तक हजारों कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर मानव श्रृखला बनाकर पुष्प वर्षा के साथ उनका स्वागत किया। इससे पूर्व जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सभी मंन्त्री व भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की ओर से अगवानी की गई। स्वागत कार्यक्रम भानियावाला, डोईवाला, जोगीवाला, रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर नैनीज चौक, दिलाराम चौक आदि स्थानों पर किया गया। फूलों की बरसात के साथ कार्यकर्ताओं द्वारा ढ़ोल नगाड़ो और आतिशबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा पारम्परिक वेशभूषा में तिलक लगाकर पुष्प वर्षा की गई तथा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा दोपहिया रैली निकालकर उत्साहपूर्वक प्रभारी और सह प्रभारी का स्वागत किया गया। इस दौरान राजपुर विधायक खजान दास, डॉ देवेंद्र भसीन, विनय गोयल, आदित्य चौहान, महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट, सादाब शम्स पुनीत मित्तल, नीरू देवी, मधु भट्ट , नेहा जोशी, नवीन ठाकुर, सिद्धार्थ अग्रवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

भाजपा चुनाव प्रभारी जोशी ने किया शहीदों को नमन
उत्तराखंड भाजपा के नवनियुक्त चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, सह प्रभारी लोकेट चटर्जी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के तहत सर्वप्रथम घंटाघर स्थित बाबा भीम राव अम्बेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। भाजपा के तीनों चुनाव प्रभारी व सह प्रभारी शहीद स्मारक पहुचे यहां उन्होंने उत्तराखंड निर्माण के लिए अपना बलिदान देने वाले शहीदों को पुष्प अर्पित श्रदा सुमन अर्पित किए। इस मौके पर केंद्रीय मन्त्री जोशी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य जन संघर्ष और बलिदान से बना है और शहीदों की शहादत का सम्मान व राज्य गठन के औचित्य को भाजपा सार्थक करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में अभी बहुत कुछ होना है और इस दिशा में भाजपा गम्भीरता से प्रयास कर रही है।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड