देवर ने रुपये लेकर रची थी सामूहिक दुष्कर्म की साजिश मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता के बयान दर्ज, आरोपियों की तलाश शुरू
रुद्रपुर। सरस मेला गई महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले में देवर ही मास्टरमाइंड निकला है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी देवर ने अपने दोस्तों से रुपये लेकर साजिश रची थी। वह भाभी को जान-बूझकर किच्छा बाईपास से ले गया था। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी देवर की शुरुआत से ही गतिविधियां संदिग्ध रहीं। पहले तो वह महिला के कोतवाली पहुंचने के बाद फरार हो गया था। फिर खुद ही कोतवाली पहुंचकर बयान देने लगा। जब पुलिस ने सख्ती की तो उसने सारी हकीकत उगल दी। आरोपी देवर ने बताया कि उसने अपने दोस्तों से रुपये लेकर साजिश रची थी। भाई के मेले में जाने से मना करने का उसने फायदा उठाया और भाभी को बिना घर पर बताए अपने साथ ले गया था। इधर, अन्य आरोपी पहले से ही मेले में मौजूद थे। भाभी जहां जा रही थी, आरोपी भी उसी के पीछे चल रहे थे। लेकिन भाभी इस बात से अंजान थी कि जिस पर भरोसा करके वह मेले में आई है, वही देवर उसके दुष्कर्म की साजिश रच चुका है। जब भाभी घर वापस लौट रही थी, तभी आरोपी देवर उसे शॉर्टकट का बहाना बनाकर किच्छा बाईपास से ले गया। तमंचे के बल पर आरोपियों ने सुनसान स्थल पर ले जाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया और देवर निगरानी करता रहा। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला का मेडिकल कराने के बाद मंगलवार को मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले में देवर को हिरासत में लेकर उसकी सीडीआर रिपोर्ट खंगाली जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई हैं, जो संभावित क्षेत्रों में दबिश दे रही हैं। वहीं पुलिस गांधी पार्क से लेकर ठंडी रोड और किच्छा बाईपास तक के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

