दिल्ली अग्निकांड के बाद चम्पावत प्रशासन अलर्ट, टनकपुर और बनबसा के होटलों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण
टनकपुर/बनबसा। दिल्ली के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड से सबक लेते हुए चम्पावत जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिला अधिकारी मनीष कुमार के कड़े निर्देशों के बाद टनकपुर और बनबसा क्षेत्र के होटलों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखने के लिए एक विशेष संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व टनकपुर के उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार और अग्निशमन विभाग के मुख्य अधिकारी अमर सिंह अधिकारी ने संयुक्त रूप से किया।


टीम ने क्षेत्र के विभिन्न छोटे-बड़े होटलों में पहुंचकर आग से बचाव के इंतजामों और अन्य सुरक्षा मानकों की सघन जांच की।निरीक्षण के दौरान संयुक्त टीम ने होटलों में स्थापित फायर एस्टिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र), इमरजेंसी एग्जिट (आपातकालीन निकास), पानी की उपलब्धता और बिजली की वायरिंग आदि तकनीकी पहलुओं को बारीकी से जांचा। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि क्षेत्र के सभी प्रमुख होटलों का भौतिक निरीक्षण किया गया है। इस दौरान जिन होटलों में कमियां पाई गईं, उन्हें तुरंत सुधार करने की चेतावनी दी गई है, साथ ही होटल प्रबंधन के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी होटल संचालक को बख्शा नहीं जाएगा। इस औचक निरीक्षण अभियान में राजस्व उपनिरीक्षक राकेश पंगरिया, लीडिंग फायरमैन वीरेंद्र कुमार, कृष्ण सिंह, विक्रम गिरी, भावना पंत और नीलम रावत सहित प्रशासन व फायर ब्रिगेड के कई कर्मचारी शामिल रहे।

