होली पर्व पर मिलावटखोरों के खिलाफ चम्पावत प्रशासन सख्त
वाहनों की सघन चेकिंग, मिठाइयों के नमूने लिए और 10 किलो खराब मिठाई नष्ट कराई
चम्पावत। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून और जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में आगामी होली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में विशेष अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को विभाग की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से बाहरी राज्यों और क्षेत्रों से आने वाले खाद्य पदार्थों की गहन जांच की और मिठाई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
अभियान के दौरान टीम ने टनकपुर-पिथौरागढ़ मार्ग पर रोडवेज बसों, पिकअप और टैक्सी वाहनों को रोककर उनमें लाए जा रहे खाद्य पदार्थों की जांच की। हालांकि, चेकिंग के दौरान किसी भी वाहन में संदिग्ध सामग्री नहीं मिली, लेकिन सभी चालकों और परिचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे किसी भी प्रकार के संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थ का परिवहन न करें।



मुड़ियानी क्षेत्र में मिठाई के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करते हुए विभागीय टीम ने खोया और बेसन से बनी मिठाइयों के 03 नमूने एकत्र किए। इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय लैब भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर लगभग 10 किलोग्राम खराब मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया गया और दुकानदार को भविष्य के लिए अंतिम चेतावनी जारी की गई।
अभिहित अधिकारी संजय कुमार ने सभी कारोबारियों को ताजी मिठाई रखने, रंगों का सीमित प्रयोग करने और केवल अधिकृत लाइसेंस धारकों से ही पक्के बिल पर खोया खरीदने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि होली के त्योहार तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी संजय कुमार, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी और सहायक दिनेश फर्त्याल मुख्य रूप से शामिल रहे।

