चम्पावत : सीएम धामी की घोषणा हुई साकार, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फूंगर को मिला इंटर कॉलेज का दर्जा
शिक्षा मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से किया शुभारम्भ, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुंगर में जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया प्रतिभाग
आदर्श चम्पावत की दिशा में शिक्षा क्षेत्र को बड़ी सौगात, जनपद के 7 विद्यालयों का उच्चीकरण, इसी सत्र से विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। सीएम की घोषणा के क्रम में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुंगर सहित जनपद के सात विद्यालयों को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत किए जाने का शुक्रवार को विधिवत शुभारम्भ किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए उच्चीकृत विद्यालय का शुभारम्भ किया। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुंगर के कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।उन्होंने इस दौरान कहा विद्यालय के उच्चीकरण से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब इंटरमीडिएट स्तर तक की शिक्षा अपने क्षेत्र में ही प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां प्राप्त हो रही हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप जनपद के चम्पावत एवं लोहाघाट विधानसभा क्षेत्रों के 7 दूरस्थ विद्यालयों को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत किया गया है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी सातों उच्चीकृत विद्यालयों में आज से ही पठन-पाठन का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। विद्यालयों के लिए आवश्यक पदों की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है तथा अवस्थापना सुविधाओं का भी चरणबद्ध रूप से विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी शैक्षिक सत्र से विद्यार्थियों को विद्यालयों के उच्चीकरण का लाभ मिलना प्रारम्भ हो गया है। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुंगर में शुभारम्भ के अवसर पर 19 विद्यार्थियों का प्रवेश भी कराया गया।

जिलाधिकारी ने विद्यालय के उच्चीकरण पर क्षेत्रवासियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प के अनुरूप जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यालयों में नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को आदर्श विद्यालय की संकल्पना के अनुरूप विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा का बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में उच्चीकृत किए गए सात विद्यालयों में विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सल्ली, फुंगर एवं प्लसों तथा विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डूंगरालेटी, डूंगराबोरा, पासम एवं कफड़ा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों के उच्चीकरण से दूरस्थ क्षेत्रों में माध्यमिक शिक्षा का विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों को कक्षा 12 तक की पढ़ाई के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी । इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को अपनी शिक्षा निरंतर जारी रखने में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक बी.सी. जोशी, नगर पालिका के नामित सभासद गौरव पाण्डेय, ग्राम प्रधान तुलसी देवी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, प्रधानाचार्य निर्मल पाण्डेय, सुनील पाण्डेय सहित शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

