चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : डीएम ने ढकना बडोला में ग्रामीणों के साथ मनाई होली, जनसमस्याएं भी सुनीं

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। होली पर्व के पावन अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कलक्ट्रेट परिसर से लगे ग्राम ढकना बडोला पहुंचकर ग्रामीणों के साथ होली मिलन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को होली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना।

ग्रामीणों ने गांव में सीसी मार्ग निर्माण, मंदिर प्रांगण में समुचित प्रकाश व्यवस्था, सोलर लाइट तथा युवाओं के लिए पुस्तकालय (लाइब्रेरी) की स्थापना जैसी प्रमुख मांगों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन गांव-गांव तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है, जिससे नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Ad Ad

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी की त्वरित शिकायत निस्तारण की कार्यशैली एवं संवेदनशील व्यवहार की सराहना करते हुए जनपद के नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु उनके प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान जानकी बडोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य पवन भंडारी, सरपंच ईश्वरी भंडारी, विक्रम भंडारी, अम्बादत्त फुलारा, तारा भंडारी सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।