चम्पावत : शिक्षा निदेशक पर हुए हमले पर कर्मचारियों ने जताया रोष, कार्रवाई की मांग
चम्पावत। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जनपद शाखा चम्पावत द्वारा शिक्षा निदेशालय, देहरादून में प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल एवं वहां उपस्थित कार्मिकों के साथ अभद्रता एवं मारपीट की घटना का संज्ञान लेते हुए एक आपातकालीन बैठक का आयोजन किया। जिसमें घटना की निंदा की गई और प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट व अभद्रता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
फैडरेशन के सचिव जीवन ओली व जनपदीय सचिव राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद अशोक फर्त्याल के संचालन एवं भूपेन्द्र प्रकाश जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने एकमत होकर प्रकरण की कड़े शब्दों में निन्दा एवं भर्त्सना की। सभी ने जोर देकर कहा कि राजकीय अधिकारियों एवं कार्मिकों का शोषण किसी भी कीमत में बर्दाशत नहीं किया जाएगा। आज सरकारी कार्मिकों को जनप्रतिनिधियों द्वारा अपनी नाकामी और कर्महीनता छुपाने का आसान जरिया बनाकर निशाना बनाया जा रहा है, जो खेदजनक स्थिति है। सरकारी मशीनरी का अधिकारी/कार्मिकों के खिलाफ दुरूपयोग करना लोकतन्त्र पर गहरी चोट है। जबकि लोकतंत्र में चुनाव सम्बन्धी कार्यों जैसे जनगणना, निर्वाचन से लेकर मतगणना तक इन्हीं सरकारी कर्मचारियों से मदद ली जाती है।
परिषद ने एक स्वर में दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्यवाही तथा अधिकारियों/कार्मिकों के कार्यस्थल पर निर्बाध रूप से कार्य करने के लिए सुरक्षा के कड़े कानून बनाने का समर्थन किया और कहा कि यदि सरकार द्वारा प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल प्रकरण में शिथिलता बरती गई तो प्रान्तीय कार्यकारिणी के निर्देशानुसार परिषद आन्दोलन को बाध्य होगा। बैठक में NMOPS चम्पावत के जनपदीय सचिव प्रकाश तड़ागी, EMOA चम्पावत के जिला सचिव हिमांशु मुरारी, EMOA चम्पावत के मीडिया प्रभारी एवं परिषद के लोहाघाट ब्लाक के संयोजक लोकेश जोशी, उत्तरांचल पर्वतीय शिक्षक कर्मचारी संगठन के सचिव वीरेन्द्र सिंह मेहता, VDO संघ के जिलाध्यक्ष तपन गड़कोटी, VPDO संघ के जिलाध्यक्ष शिवांशु वर्मा, उत्तरांचल पर्वतीय शिक्षक कर्मचारी संगठन के प्रान्तीय कोषाध्यक्ष एवं उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी भूपेश सिंह देव ‘ताऊ’ अशोक बिष्ट, अनिरूद्ध पुनेठा, दीपक टम्टा, गणेश गड़िया प्रवीण, पंकज सहित दर्जनों अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

