चम्पावत : आकाशीय बिजली के पीड़ित परिवार को मिला 20 हजार का मुआवजा
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आकाशीय आपदा से प्रभावितों को तत्काल और पारदर्शी राहत’ पहुंचाने के संकल्प को चम्पावत जिला प्रशासन ने पूरी तत्परता से धरातल पर उतारा है। विकासखंड चम्पावत के अंतर्गत ग्राम गड़कोट में आकाशीय बिजली गिरने से हुई एक दुखद घटना का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने पीड़ित परिवार को बिना किसी विलंब के अनुमन्य मुआवजा राशि का चेक और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई है।
ग्राम गड़कोट में आकाशीय बिजली गिरने के कारण एक गौशाला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने प्रभावितों की मदद के लिए दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप, पीड़ित परिवार को बिना किसी कागजी देरी के हर संभव मदद और राहत पहुंचाने के आदेश जारी किए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सोमवार को जिला प्रशासन की टीम ने बिना किसी देरी के पीड़ित परिवार के पास पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। शासन के तय मानकों के अनुसार, तहसीलदार बृजमोहन आर्या ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय दौरा कर पूरी स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्परता दिखाते हुए पीड़ित गृहस्वामी डूंगर देव पुत्र सीताराम को मौके पर ही 20 हजार रुपये की अनुमन्य आर्थिक सहायता का चेक सौंपकर त्वरित मुआवजा प्रदान किया। त्वरित सहायता मिलने पर डूंगर देव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार का आभार जताया।
दैवीय आपदा में आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ पीड़ित परिवार को तात्कालिक राहत देने के लिए रेड क्रॉस समिति ने भी तत्परता से अपना सहयोग प्रदान किया। समिति द्वारा प्रभावित परिवार को रहने और सुरक्षा के लिहाज से त्रिपाल तथा कंबल जैसी आवश्यक राहत सामग्री मौके पर ही उपलब्ध कराई गई। इस दौरान राजस्व उप निरीक्षक, पशु चिकित्सा अधिकारी एवं रेड क्रॉस समिति के सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

