बनबसा: साइबर जाल में फंसाकर युवक को मौत की ओर धकेलने वाले गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार, 1.87 लाख की ठगी का मामला
बनबसा/चम्पावत। यौन शक्ति वर्धक दवाइयों का झांसा देकर युवक को ब्लैकमेल करने, 1.87 लाख रुपये की साइबर ठगी करने तथा आत्महत्या के लिए उकसाने वाले गिरोह का बनबसा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।
गत 24 मई को दुर्जन लाल ने थाना बनबसा में तहरीर दी थी कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके पुत्र को यौन शक्ति वर्धक दवाइयों का प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाया। इसके बाद आरोपियों ने युवक की अश्लील तस्वीरें/सामग्री हासिल कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़ित को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और आत्महत्या के लिए उकसाया गया। इस दौरान धोखाधड़ी कर विभिन्न माध्यमों से युवक से कुल 1,87,000 रुपये भी ठग लिए गए। तहरीर के आधार पर थाना बनबसा में FIR संख्या 35/2026 पंजीकृत की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष बनबसा को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष बनबसा श्री सुरेन्द्र सिंह कोरंगा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

आज सोमवार एक जून को पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी, तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर धनुषपुल से सोनियानाला मार्ग के पास दबिश देकर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेन्द्र सिंह चितौडिया पुत्र गोपाल मोंगिया, निवासी धर्मपुरा, जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश तथा शिवा सिंह चितौडिया पुत्र महेन्द्र सिंह चितौडिया, निवासी बेन्हाता, शिवपुरी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 108, 308(2), 61(2) BNS के तहत उद्वापन, आत्महत्या के लिए उकसाना व आपराधिक षड्यंत्र की बढ़ोतरी की है। इस मामले में प्रकाश में आया तीसरा आरोपी अनिल मोगिया अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 04 अदद आधार कार्ड, 01 ड्राइविंग लाइसेंस, 01 Redmi मोबाइल फोन, 01 डिब्बा दिव्य चन्द्रप्रभा वटी, 01 डिब्बी ऑर्थोविन टैबलेट्स, 01 बड़े डिब्बे में 06 डिब्बियों में गोलियाँ व 06 खाली डिब्बियाँ, 02 अन्य आधार कार्ड, 01 हस्तलिखित टिकटशुदा पत्र, वाहन संख्या HR 54G-7324 बुलेरो कैम्पर तथा एक अल्बम ‘गोल्डन कलेक्शंस’ बरामद किया है, जिसमें अश्लील/नग्न फोटो पाई गईं। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह कोरंगा, उ0नि0 नरेश सिंह मेहरा, अ0उ0नि0 धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, कानि0 विजय शंकर, कानि0 जगदीश कन्याल, कानि0 गिरीश भट्ट (SOG), रि0कानि0 मनीष सिंह महरा तथा हे0का0 संजय शर्मा शामिल रहे।
चम्पावत पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया अथवा ऑनलाइन माध्यम से किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी निजी फोटो, वीडियो अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें। लालच, प्रलोभन या झूठे विज्ञापनों के झांसे में आने से बचें तथा सतर्क रहें।

