चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव : हिमनाद बैंड और गोविंद–खुशी की जोड़ी ने बांधा समां, देर रात तक थिरके दर्शक

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 के दूसरे दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या सुरों, ताल और उत्साह से सराबोर रही। टनकपुर में सजे भव्य मंच पर देर रात तक गीत–संगीत की ऐसी महफिल जमी कि पूरा पंडाल झूम उठा। दर्शक लोकधुनों पर थिरकते नजर आए और पूरा वातावरण संगीतमय हो गया।

कार्यक्रम की शुरुआत उत्तराखंड के लोकप्रिय हिमनाद बैंड की दमदार प्रस्तुति से हुई। बैंड ने कुमाऊंनी और गढ़वाली लोकगीतों को आधुनिक संगीत संयोजन के साथ प्रस्तुत कर युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक धुनों और आधुनिक बीट्स के अनूठे संगम ने पहाड़ की सांस्कृतिक आत्मा को जीवंत कर दिया। दर्शकों ने तालियों और उत्साहपूर्ण अभिवादन के साथ कलाकारों का हौसला बढ़ाया।

स्थानीय लोकगायक हरु जोशी ने भी अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनकी सुमधुर आवाज और पहाड़ी अंदाज़ ने श्रोताओं को लोक संस्कृति से गहराई से जोड़ दिया। इसके बाद मंच पर आई गोविंद–खुशी की जोड़ी ने कुमाऊंनी झोड़ा–चांचरी और सुपरहिट गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। ‘तू घास काटेली’, ‘गोविंदी’, ‘ओ लाली हो’ और ‘फ्वा बगा रे’ जैसे लोकप्रिय कुमाऊंनी गीतों की धुन बजते ही पूरा पंडाल ताल और लय में डूब गया। युवाओं ने खास उत्साह दिखाया और मंच के सामने नृत्य करते नजर आए। शैरी के नेतृत्व में हिमनाद बैंड की ऊर्जावान प्रस्तुति ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। लोकसंस्कृति की रंगत, आधुनिक साउंड इफेक्ट्स और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था ने सांस्कृतिक संध्या को और भी भव्य बना दिया। आज शुक्रवार की स्टार नाइट में बेबी प्रियंका, इंदर आर्या और श्वेता महारा अपनी प्रस्तुतियों से सुरों का जादू बिखेरेंगे।