चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव : वृहद रोजगार मेले का हुआ आयोजन, 55 युवाओं को मिली नियुक्ति
टनकपुर/चम्पावत। चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग चम्पावत द्वारा टनकपुर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य जनपद के युवाओं को स्थानीय एवं प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़ते हुए उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा।

रोजगार मेले में 18 नियोजकों/कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें टाटा मोटर्स, क्वैस कॉर्प, टीमलीज़ सर्विस, पुखराज हेल्थकेयर, लाइम फ्लेक्सी, मेराक्वी वेंचर्स, जे०पी०वी०एम०केटी०, अशोका लेलैंड, हाईटेक ग्रुप ऑफ कंपनी, जे०पी०पी०वाई मैनेजमेंट मार्केटिंग, सारथी एडटेक स्किल अकादमी, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, सहयोग मल्टीस्टेट क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी आदि प्रमुख रहे।
मेले में प्रतिभाग हेतु कुल 329 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन किया, जिनमें से 296 अभ्यर्थी साक्षात्कार प्रक्रिया में सम्मिलित हुए। विभिन्न कंपनियों द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया के उपरांत 55 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया, जबकि 124 अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के साक्षात्कार हेतु चयनित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती तथा परियोजना निदेशक, डीआरडीए द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

