चम्पावत सरस महोत्सव : ‘खुशहाल बचपन, उज्ज्वल कल’ – नन्हें कदमों से सजा महोत्सव का पांचवां दिन
टनकपुर/चम्पावत। चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 के पांचवें दिन का आयोजन ‘खुशहाल बचपन, उज्ज्वल कल’ की भावपूर्ण थीम पर किया गया। पूरा दिन बच्चों की किलकारियों, रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों और अभिभावकों के उत्साह से सराबोर रहा। यह दिन बाल प्रतिभाओं, मातृशक्ति और परिवारिक सहभागिता को समर्पित रहा, जिसने महोत्सव को स्नेह और उल्लास से भर दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, स्वस्थ बेबी शो, लेजिम (Lezim) प्रस्तुति, नर्सरी राइम प्रतियोगिता, हुला हूप प्रस्तुति तथा म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, रचनात्मकता और ऊर्जा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।



स्वस्थ बेबी शो में नन्हें प्रतिभागियों की मुस्कान और स्वास्थ्यपूर्ण व्यक्तित्व ने सभी का मन मोह लिया। बालक वर्ग में आयुष महर प्रथम, भानुप्रताप द्वितीय तथा कार्तिकेय तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में अनन्या ने प्रथम, आराध्या ने द्वितीय तथा गीतिशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने सामाजिक, सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक पात्रों का रूप धारण कर मंच को जीवंत कर दिया। इस प्रतियोगिता में उर्वी प्रथम, विधि चौधरी द्वितीय तथा आयुष्यान तृतीय स्थान पर रहे।



लेजिम प्रस्तुति ने पारंपरिक ताल और सामूहिक समन्वय का मनोहारी प्रदर्शन किया, वहीं हुला हूप प्रस्तुति में बच्चों ने संतुलन और अभ्यास का शानदार परिचय दिया। नर्सरी राइम प्रतियोगिता में नन्हे बच्चों की मधुर आवाज़ और आत्मविश्वास ने दर्शकों का दिल जीत लिया। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें रश्मि प्रथम, दीपा द्वितीय और मनीषा तृतीय स्थान पर रहीं।

