चम्पावत के युवक की खाई में गिरने मौत हुई, जेसीबी ऑपरेटर था मृतक
चम्पावत। जनपद के दूरस्थ क्षेत्र बुडम के पातली इलाके में चम्पावत के एक युवक की मौत हो गई। युवक जेसीबी ऑपरेटर था। बताया जा रहा है कि उसका शव पुलिस को गहरी खाई में मिला। चल्थी चौकी प्रभारी राकेश कठैत ने बताया है कि सोमवार को एक व्यक्ति के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद चल्थी चौकी पुलिस व एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में गिरे युवक को बाहर निकला गया। चौकी प्रभारी ने बताया खाई में गिरने से जनपद के सीमांत क्षेत्र तल्लादेश के ग्राम नीड़ निवासी हिमेश सिंह कुंवर पुत्र बद्री सिंह की मौके पर मौत हो गई। मृतक जेसीबी ऑपरेटर था। वर्तमान में वह चम्पावत के कनलगांव में रहता था। चौकी प्रभारी ने बताया घटना सूखीढांग डांडा सड़क में बुडम से पहले पातली के पास हुई है। उन्होंने बताया शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बताया गया है कि घटना रविवार देर रात की है।
बताया जा रहा है कि मृतक हिमेश पातली गांव में निर्माण कार्य के लिए जेसीबी मशीन लेकर गया था। कल रविवार की देर शाम कार्य के दौरान जेसीबी का फट्टा टूट गया। बताया जा रहा है कि ऑपरेटर काम छोड़कर पैदल ही सूखीढांग की ओर चला गया। सूखीढांग-डाडा-मीडार रोड पर वह संतुलन खोकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। अचानक कार्यस्थल से गायब होने पर उसके साथी व अन्य लोग देर रात तक उसकी खोजबीन करते रहे, लेकिन पता नहीं चला। आज 23 फरवरी की दोपहर में बकरी चुगाने गए स्थानीय व्यक्ति ने ऑपरेटर के शव को खाई में देखा और इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी। घटना की जानकारी लगने पर जेसीबी स्वामी व सभासद रोहित बिष्ट घटना स्थल पर पहुंचे। आज रात शव को चम्पावत मोर्चरी लाया गया। चम्पावत के कोतवाल बीएस बिष्ट ने बताया कि कल मंगलवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

