उत्तराखण्डचंपावतटनकपुरनवीनतम

सीएम धामी के नेतृत्व में 2027 में एक बार फिर से भाजपा का कमल खिलने जा रहा : चंडोक

ख़बर शेयर करें -

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविन्दर सिंह चंडोक का टनकपुर पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत, प्रेस वार्ता की

टनकपुर/चम्पावत। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गुरविन्दर सिंह चंडोक के शनिवार को टनकपुर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता करते हुए प्रदेश प्रवक्ता चंडोक ने कहा कि सूबे के मुखिया पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 2027 में एक बार फिर से भाजपा का कमल खिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कई मामलों में उत्तराखंड राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। जीडीपी दर राष्ट्रीय औसत से आगे है, राज्य ने अन्य समकक्ष राज्यों की अपेक्षा देनदारियों को कम किया है। प्रति व्यक्ति आय में इजाफा हुआ है, सामाजिक सूचकांक में भी राज्य में प्रगति की है। इसके अलावा चार धाम यात्रा में रिकार्ड बना है, वर्ष 2024 के मुकाबले श्रद्धालुओं की संख्या 4.35 लाख रही। इस बार केदारनाथ में 17 लाख 68 हजार 795 तीर्थ यात्री पहुंचे। वर्तमान में शीतकालीन यात्रा की तैयारी तेज कर दी है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह थामी के नेतृत्व में राज्य ने निरंतर प्रगति की ओर कदम बढ़ाए हैं।

Ad Ad

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक ने विस्तृत आंकड़ों के साथ बताया कि आज उत्तराखंड अनेक सूचकों में राष्ट्रीय औसत से आगे है और पड़ोसी राज्यों झारखंड तथा छत्तीसगढ़ से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में झारखंड की जीडीपी वृद्धि दर 7.5% तथा छत्तीसगढ़ की वृद्धि दर 7.31% रही, जबकि उत्तराखंड की जीडीपी वृद्धि दर 7.83%, जो दोनों राज्यों से अधिक है। राज्य ने 25 वर्षों में वित्तीय अनुशासन के जरिए अपने ऋण बोझ में उल्लेखनीय कमी की है। 2000-01 में उत्तराखंड की ऋणदायित्व जीएसडीपी का 31% था जो 2023-24 में घटकर 24.7% रह गया है। यह राष्ट्रीय औसत 28.5% से भी कम है। वहीं इस अवधि में झारखंड व छत्तीसगढ़ के ऋणदायित्व में वृद्धि दर्ज की गई है। प्रति व्यक्ति आय पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय वर्ष 2001 में मात्र 16,232 रुपये थी, जो 2023-24 में बढ़कर 2.46 लाख रुपये तक पहुंच गई है।

– सामाजिक सूचकांकों में सुधार

गुरविंदर चंडोक ने आगे कहा कि 2001 में उत्तराखंड की शिशु मृत्यु दर प्रति हजार 48 थी, जो अब घटकर 20 रह गई है। यह उपलब्धि राज्य को झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, यूपी और मध्य प्रदेश से बेहतर स्थिति में रखती है। प्राकृतिक आपदाओं के बीच भी उत्तराखंड की यात्रा प्रबंधन प्रणाली ने देश भर में उदाहरण पेश किया है। वर्ष 2024 में चारधाम यात्रा में अब तक 4.35 लाख से अधिक यात्री पहुंचे।बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद सरकार ने शीतकालीन यात्रा पर विशेष ध्यान देना शुरू किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारों धामों के शीतकालीन गंतव्यों में आवास, सुरक्षा, परिवहन, चिकित्सा और यात्री सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शीतकालीन पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए डिजिटल व पारंपरिक माध्यमों से प्रचार-प्रसार बढ़ाया जा रहा है। पर्यटन विभाग शीतकालीन एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नए लिंक रूट और सुरक्षित मार्ग विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि पिछले चार वर्षों में 26,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नोकरी मिली, वहीं राज्य आंदोलनकारियों के लिए 10% क्षैतिज आरक्षण, महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30% क्षैतिज आरक्षण, खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवाओं में 4% खेल कोटा लागू किया गया। उद्योगों और निवेश को बढ़ावा देने के लिए स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी का विकास किया जा रहा है। राज्य में पहली बार 1000 एकड़ में उत्तराखंड खुशबू फार्म विकसित किया जा रहा है, जो किसानों को बेहतर बाजार और अंतरराष्ट्रीय पहचान देगा।

– पारदर्शिता और भू- कानून से आम जन को लाभ

नये भू-कानून लागू होने से स्थानीय निवासियों की भूमि सुरक्षित हुई है तथा बाहरी लोगों की अंधाधुंध खरीद पर रोक लगी है। अंत में गुरविंदर सिंह चंडोक ने कहा कि उत्तराखंड लगातार विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है और “विकसित उत्तराखंड” का संकल्प अब तेजी से साकार होता दिख रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला सह प्रभारी हिमांशु बिष्ट, मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर, जिला महामंत्री पूरन मेहरा, जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा सुनीता मुरारी, शशांक गोयल, मंडल महामंत्री कुमुद जोशी, हरीश कलौनी, मंडल उपाध्यक्ष विनोद गड़कोटी, रीता कलखुड़िया, मीडिया संयोजक दीपक सिंह, ज्येष्ठ उप प्रमुख भुवन पांडेय, गिरीश गहतोड़ी, राम सिंह धौनी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।