मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टनकपुर में आयोजित रक्षा बंधन कार्यक्रम में हुए शामिल, टनकपुर व बनबसा को दे गए स्ट्रीट लाइट की सौगात, जगबूढ़ा पुल से टनकपुर तक एनएच किनारे लगेंगी स्ट्रीट लाइटें, होगा सौंदर्यीकरण का काम


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चम्पावत जिले के अपने विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के गोरलचौड़ मैदान में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तहसील पूर्णागिरि टनकपुर के गांधी मैदान में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आई युवतियों व महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी एवं उनके दीर्घ जीवन की कामना की। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने सभी को रक्षाबन्धन की बधाई देते हुए कहा कि रक्षाबन्धन कार्यक्रम में आशीर्वाद देने आई बहनों को विशेष धन्यवाद अर्पित करता हूं। उन्होंने कहा इस बार का यह पर्व हमारे लिये बहुत महत्वपूर्ण है। आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर आज देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। उन्होंने कहा 75 साल के कालखण्ड में देश ने जितनी उपलब्धि हासिल की है, उसे संजोने का पर्व मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। सम्पूर्ण देश में अमृत महोत्सव के लगभग 60 हजार कार्यक्रम सम्पन्न हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह समय देश की आजादी के लिये अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात एवं अज्ञात सैनानियों के साहस एवं वीरता से परिचित होने एवं उनको स्मरण करने का भी है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 15 अगस्त के बाद हम आजादी के अमृत काल में प्रवेश करेंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत को गढ़ने को नया रूप दिया जायेगा। आज भारत पूरी दुनिया का नेतृत्व कर, दिशा देने का कार्य कर रहा है एवं हर क्षेत्र में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आज संपूर्णविश्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान किया जाता है। जनता में लंबे समय बाद भारत के स्वर्णिम विकास की आस जगी है।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना, जीवन ज्योति योजना, जन धन योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना, उज्जवला योजना जैसी तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैैं जिसका सीधा मकसद अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में जोड़ने का है। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने संकल्प लिया है कि हम उत्तराखंड राज्य के 25 वे वर्ष पर राज्य को प्रत्येक क्षेत्र में आगे ले जाएं। राज्य के विकास की यात्रा अकेले सरकार की नहीं अपितु सामूहिक यात्रा है। उन्होंने कहा चत्पावत जिले को एक मॉडल जिले के रूप में विकसित करने हेतु हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने टनकपुर नगर पालिका एवं बनबसा नगर पंचायत क्षेत्र में स्ट्रीट लाईट लगाए जाने तथा जगबूढा पुल से टनकपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग में स्ट्रीट लाईट तथा सौन्दर्यीकरण करने की घोषणा की। सीएम ने ने बताया कि टनकपुर से सितारगंज तक फोरलेन सड़क का निर्माण स्वीकृत किया गया है। रुद्रपुर बाईपास के साथ ही रामपुर बाईपास भी स्वीकृत हो गया है।। देहरादून जाने के लिए जसपुर से सीधे नजीबाबाद तक जाने हेतु बाईपास स्वीकृत हुआ है। जिससे 45 किलोमीटर की दूरी कम हो जायेगी।। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्णागिरी जन शताब्दी एक्सप्रेस के समय को कम करने हेतु रेल मंत्री से वार्ता की है। उन्होंने कहा कि जल्द समय कम करने के लिए विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ककराली गेट से ठूलीगाढ़ तक सड़क को स्टेट हाइवे बनाने हेतु प्रस्ताव भेजा है। इस दौरान उन्होंने टनकपुर बनबसा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में उपस्थित कृषि उद्यान एवम ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने सभी बहनों को रक्षा बंधन की बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में मातृ शक्ति का अहम योगदान रहा है। राज्य को आगे ले जाने में भी इनका अहम योगदान है। वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी ने भी कार्यक्रम में उपस्थित समस्त माता बहनों को रक्षा बंधन पर्व की शुभ कामनाएं दीं। इस दौरान महिलाओं ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को राखी बांधकर सुरक्षा का वचन लिया। साथ ही सीएम धामी ने आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर तिरंगा अभियान में बढ़ चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। इस दौरान महिलाओं ने खूब बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक, सीएम की पत्नी गीता धामी, पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन रावत, मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, एसडीएम हिमांशु कफल्टिया, शिवराज कठायत, उर्मिला चंद, विद्या जुकरिया, हेमा जोशी, किरन देवी, मन्नू गहतोड़ी, रुचि धस्माना, रुचि वर्मा, तुलसी कुंवर, मनोरमा देवी, लीला मंगला, हंसा जोशी, रेनू अग्रवाल आदि मौजूद रहीं।
