मां बाराही धाम देवीधुरा में होने वाले भव्य शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बनेंगे मुख्य यजमान
कलश यात्रा, कन्या पूजन और विशाल धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियां तेज, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ने की उम्मीद

लोहाघाट/चम्पावत। प्रमुख शक्तिपीठ देवीधुरा के वाराही धाम में मां ब्रज वाराही का भव्य एवं दिव्य मंदिर निर्माण को लेकर भूमि पूजन, शिलान्यास और कन्या पूजन कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य यजमान के रूप में सपत्निक भाग लेकर विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। मुख्यमंत्री धामी का देवीधुरा से विशेष लगाव रहा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वे मां बाराही के दरबार में आस्था के साथ लगातार पहुंचते रहे हैं। उनके आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए श्री बाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट के अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, संस्थापक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, शिक्षाविद दिनेश जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र लडवाल आदि सहित अनेक लोग दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं। जनसहयोग से बनने जा रहे इस मंदिर के लिए क्षेत्र ही नहीं, बल्कि दूर-दराज से भी श्रद्धालु सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं।
धार्मिक आयोजन के तहत सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। इसके साथ ही देवी स्वरूप कन्याओं का पूजन भी किया जाएगा। चार खाम सात तोक के मुख्य यजमान भी सपत्निक पूजा में शामिल होंगे। ट्रस्ट की ओर से इस कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और क्षेत्रीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी सहित कई गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अधिकारियों की टीम लगातार मौके पर निरीक्षण कर रही है। बताया जा रहा है कि इस भव्य मंदिर निर्माण की प्रेरणा संत शिरोमणि कल्याण दास जी महाराज से मिली है, जिनके मार्गदर्शन में यह कार्य आगे बढ़ रहा है। मां बाराही के इस ऐतिहासिक धाम को लेकर लाखों श्रद्धालुओं में अपार उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
मंदिर समिति के संस्थापक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही को ‘मां वाराही का गुलाबी बुलावा पत्र’ भेंट कर कार्यक्रम पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल सहित कई विशिष्ट अतिथि भूमि पूजन समारोह के साक्षी बनेंगे। मंदिर निर्माण के सूत्रधार डोल आश्रम के स्वामी कल्याण दास महाराज सहित अनेक संत-महात्मा भी इस आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होंगे। शक्तिपीठ ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष हीरा बल्लभजोशी, लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, नरेंद्र सिंह लडवाल, कोषाध्यक्ष दिनेश जोशी, उपाध्यक्ष हयात बिष्ट और बिशन चम्याल के मुताबिक भूमि पूजन की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। मंदिर निर्माण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ट्रस्ट का पूरा लेनदेन बैंक के माध्यम से किया जा रहा है।
सोमपुरा ग्रुप के विपुल त्रिवेदी की देखरेख में होगा काम
मंदिर निर्माण का कार्य देश-विदेश में कई धार्मिक स्थलों का निर्माण कर चुके गुजरात के सोनपुरा ग्रुप के प्रमुख विपुल त्रिवेदी की देखरेख में होगा। विपुल त्रिवेदी अपनी टीम के साथ देवीधुरा पहुंच चुके हैं। मंदिर का निर्माण ऐसे वास्तु विन्यास में किया जा रहा है कि प्रातःकाल सूर्य देव की पहली किरण सीधे मां वाराही का अभिषेक करेगी। इस मंदिर से सनातन संस्कृति के प्रसार और समाज के हर वर्ग को भावनात्मक रूप से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।

