उत्तराखण्डजनपद चम्पावतनवीनतमबनबसाराजनीति

बनबसा में सीएम धामी ने की गरीबों को तीन गैस सिलेंडर मुफ्त देने की घोषणा

ख़बर शेयर करें -
बनबसा में सीएम पुष्कर सिंह धामी का स्वागत करते विधायक कैलाश गहतोड़ी व जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक।

बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को यहां हुई जनसभा में चम्पावत से कैलाश गहतोड़ी को विजयी बनाने के लिए जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह उनकी भी जीत है। चम्पावत से उप चुनाव लड़ने की बात पर उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जैसा फैसला लेगा, उसका पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब हर बार उत्तराखंड में भाजपा की ही सरकार आएगी। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सारे मिथक टूट रहे हैं एवं देश निरंतर प्रगति कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 तक उत्तराखंड देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बन जाएगा। निर्धन परिवारों को तीन गैस सिलेंडर निशुल्क दिए जाएंगे। चम्पावत जिले में विकास के कई काम कराए जाने हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जनता का आभार जताने आए हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद वे पहली बार सार्वजनिक कार्यक्रम में बनबसा पहुंचे हैं। चम्पावत जिले में उनकी कई प्राथमिकताएं हैं, जिन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। पूर्णागिरि धाम में रोपवे का काम जल्द होगा। टनकपुर सितारगंज हाईवे को फोरलेन बनाया जाना है। खटीमा में बाईपास का निर्माण भी होना है। इस संबंध में उन्होंने केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। रीठा साहिब को जोड़ने के लिए उच्च कोटि की सड़क का निर्माण कराया जाना है। वृद्ध पति-पत्नी दोनों को 1500 रुपये प्रतिमाह वृद्धावस्था पेंशन देने के शासनादेश कर दिए गए हैं। पर्यावरण मित्रों को अब प्रतिदिन पांच सौ रुपये दिया जाएगा। निर्धन परिवारों को तीन गैस सिलेंडर निशुल्क दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बनबसा स्टेडियम को जल्द ही खेल विभाग के सपुर्द कर दिया जाएगा।
इससे पूर्व मिनी स्टेडियम में मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर करीब सवा पांच बजे पहुंचा। इसके बाद मिनी स्टेडियम पुष्कर धामी जिंदाबाद के नारों से गुंजायमान हो उठा। मंच पर स्वागत में करीब एक घंटे से अधिक का समय लग गया। भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने अभिनंदन पत्र सौंप कर मुख्यमंत्री से चम्पावत से चुनाव लड़ने की अपील की। विधायक कैलाश गहतोड़ी ने मंच से मुख्यमंत्री को चम्पावत से ही चुनाव लड़ने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि वे उनके सिपाही के तौर पर काम करते रहेंगे। उन्होंने विधायक चुने जाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के सहयोग की सराहना की। कहा कि उनके सहयोग से ही उन्हें जीत मिली है। जनसभा का संचालन दीपक चंद ने किया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू अग्रवाल, टनकपुर पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, शिवराज कठायत, बनबसा मंडल अध्यक्ष संदीप पाठक, मुकेश कलखुड़िया, हेमा जोशी, संजय जोशी, मोनू ठाकुर, पुष्पा पांडेय, रानी कापड़ी, रुक्मिणी उनियाल आदि मौजूद रहीं।

Ad

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड