उत्तराखंड की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी में दम, सीएम धामी ने किया सम्मानित
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाली पिथौरागढ़ की तीन महिला मुक्केबाजों निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों को भी सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित सम्मान समारोह में सीएम धामी ने इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली निकिता चंद (60 किग्रा) और काजल फर्स्वाण (65 किग्रा) को सम्मानित किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से भारत और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।
पिथौरागढ़ के बड़ालू गांव की निवासी निकिता चंद इससे पहले वर्ष 2021, 2022 और 2023 की एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वह वर्तमान में प्रशिक्षक बृजेंद्र मल और भास्कर भट्ट के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं। मुनस्यारी के भदेली गांव की रहने वाली काजल फर्स्वाण ने भी लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। वह पहले अंडर-19 एएसबीसी एशियन चैंपियनशिप में रजत, अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य और 38वें नेशनल गेम्स-2025 में रजत पदक जीत चुकी हैं। वर्तमान में वह पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं।

इसी अवसर पर पिथौरागढ़ की आरती धारियाल को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। आरती 2024 और 2025 की एलीट महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं और फिलहाल राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप, पटियाला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।


मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुंवर को भी सम्मानित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में प्रशिक्षकों और परिवार का महत्वपूर्ण योगदान होता है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हर संभव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें।


