चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में कमीशनखोरी के आरोपों पर भड़के कांग्रेस विधायक खुशाल अधिकारी, धरने के बाद जेई दूसरे विकासखंड से संबद्ध

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिले में विकास कार्यों में कथित कमीशनखोरी के आरोपों को लेकर लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में धरना दिया। करीब ढाई घंटे तक चले धरने के बाद मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी अवर अभियंता (जेई) को दूसरे विकासखंड में संबद्ध कर दिया गया।

मामला पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों के भुगतान के एवज में कथित तौर पर कमीशन मांगने से जुड़ा है। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी कुछ पंचायत प्रतिनिधियों के साथ सीडीओ कार्यालय पहुंचे और जिले में विकास कार्यों में कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए।

Ad Ad

विधायक ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत निधि से कराए जा रहे विकास कार्यों के भुगतान के एवज में अधिकारियों की ओर से 15 प्रतिशत से अधिक कमीशन की मांग की जा रही है। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाए। विधायक का कहना था कि भ्रष्टाचार का आलम यह है कि एक ग्राम पंचायत अधिकारी ने ग्राम प्रधान के हस्ताक्षर के बिना ही भुगतान निकाल लिया।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में यदि इस तरह कमीशनखोरी का खेल चलता रहा तो इसका सीधा असर कार्यों की गुणवत्ता पर पड़ेगा। विधायक के मुताबिक पंचायत प्रतिनिधियों के साथ उन्होंने स्वयं भी इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी से कई बार शिकायत की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। विधायक अधिकारी ने पाटी विकासखंड में संचालित फार्म मशीनरी बैंक के मामले में भी अनियमितता के आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई मशीनों को बेच दिया गया, लेकिन शिकायत के बावजूद मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।

विधायक के तेवर और मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती ने उन्हें मामले की पारदर्शिता के साथ जांच कराने और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। धरने के बाद एक आरोपी जेई को दूसरे विकासखंड में संबद्ध किए जाने की कार्रवाई की गई। धरने के दौरान युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सक्षम अधिकारी, ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अमर सिंह कोटियाल, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष प्रकाश महरा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अजय बिष्ट, अजय गोरख समेत अन्य लोग मौजूद रहे।