चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

हल्द्वानी रामलीला मंच शुद्धिकरण पर चम्पावत में सियासी संग्राम, भाजपा ने राहुल गांधी का पुतला फूंका

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। हल्द्वानी रामलीला मैदान में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच गुरुवार को चम्पावत में भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंककर कांग्रेस पर दलित अस्मिता से खिलवाड़ और मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।

भाजपा अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सूरज कुमार, कुमाऊं संयोजक गोविंद प्रसाद, प्रदेश मंत्री सूरज प्रहरी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विजय कुमार, दर्जा मंत्री किरन देवी और बाराकोट ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्य के नेतृत्व में भाजपा जिला कार्यालय के सम्मुख छतार में प्रदर्शन किया और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।

Ad Ad

भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की आठ अगस्त को हल्द्वानी रामलीला मैदान में हुई विजय शंखनाद रैली के बाद मंच के स्वच्छीकरण की घटना को राहुल गांधी ने अनावश्यक रूप से राजनीतिक और जातीय मुद्दा बनाने का प्रयास किया। भाजपा ने राहुल गांधी के आरोपों को गलत बताते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की रैली के बाद मंच के स्वच्छीकरण के मामले को लेकर कांग्रेस उत्तराखंड में जातीय कार्ड के जरिए कथित तौर पर डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से तुष्टिकरण और जातिवाद की राजनीति करती आई है, लेकिन उत्तराखंड की जनता कांग्रेस की इस राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

भाजपा नेताओं ने कहा कि दलित समाज की अस्मिता और सम्मान के नाम पर राजनीतिक माहौल खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कांग्रेस से इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग भी की। पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, राजू गड़कोटी, सभासद पुष्पा ओझा, आनंद अधिकारी, मंडल अध्यक्ष बबलू देव समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।