ड्यूटी के दौरान घायल आरक्षी संजय कुमार का निधन, पुलिस महकमे में शोक
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल की भवाली कोतवाली में तैनात आरक्षी संजय कुमार का ड्यूटी के दौरान हुई दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद समाचार से पूरे पुलिस महकमे में गहरा शोक व्याप्त है।
गत 02 मार्च को हल्द्वानी स्थित मेडिकल चौकी परिसर में दिवंगत आरक्षी के पार्थिव शरीर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य अधिकारियों और कर्मियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पुलिस परिवार ने शोक सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) देकर अपने जांबाज साथी को अंतिम विदाई दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि विभाग हर संभव सहायता प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराएगा।

मोहल्ला आदर्श नगर, सुल्तानपुर पट्टी, थाना बाजपुर (जनपद ऊधमसिंह नगर) निवासी आरक्षी संजय कुमार (भर्ती: 10 अक्टूबर 2001) ने लगभग 24 वर्षों तक नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपदों में निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ सेवा दी। अपने शांत स्वभाव और जिम्मेदार कार्यशैली के लिए वे सहकर्मियों के बीच सम्मानित थे। पुलिस विभाग ने कहा कि संजय कुमार की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेंगे। नैनीताल पुलिस परिवार अपने इस साहसी साथी की सेवाओं को सदा स्मरण रखेगा और शोक की इस घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान डॉ. जगदीश चंद्र (एसपी नैनीताल), अमित सैनी (क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी), रविकांत सेमवाल (क्षेत्राधिकारी नैनीताल), विजय मेहता (प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी), हरकेश सिंह (प्रतिसार निरीक्षक), दिनेश सिंह फर्त्याल प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा, विमल कुमार मिश्रा थानाध्यक्ष काठगोदाम सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


