क्राइमचंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में म्यूल बैंक खाते के जरिए साइबर ठगी का खुलासा, 4 शिकायतों पर प्राथमिकी दर्ज

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर एक्सिस बैंक के खाते से देशभर के पीड़ितों से ऐंठे गए लाखों रुपये, पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड की चम्पावत पुलिस और साइबर सेल ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ करते हुए एक संदिग्ध ‘म्यूल बैंक खाते’ (Mule Account) का पता लगाया है। इस खाते का इस्तेमाल देश के विभिन्न राज्यों में निर्दोष लोगों से ठगी गई रकम को मंगाने और ठिकाने लगाने के लिए किया जा रहा था। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और साइबर सेल को प्राप्त चार अलग-अलग शिकायतों (ACK No. 32604260000361, 21904260047999, 31104260076739 व 31606260103994) की पड़ताल के बाद एक्सिस बैंक की टनकपुर शाखा स्थित संदिग्ध खाता संख्या 926020008631728 का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Ad Ad

जांच के दौरान सामने आया कि अज्ञात साइबर ठगों द्वारा मोबाइल कॉल, सोशल मीडिया और ऑनलाइन ऐप्स के जरिए वर्क फ्रॉम होम, नौकरी, ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश पर भारी रिटर्न का लालच देकर लोगों से ठगी की गई और उस रकम को एक्सिस बैंक के इस खाते में ट्रांसफर कराया गया। बैंक प्रबंधन से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 94 के तहत प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, यह खाता ‘जय दुर्गा प्रापर्टी डीलर’ (भजनपुर, बनबसा, चम्पावत) के नाम से संचालित एक संयुक्त (Joint) खाता है। इसे रंजीत सिंह (पुत्र परमजीत सिंह, निवासी- घुसरी दोहरा, सितारगंज, उधम सिंह नगर, उम्र- 32 वर्ष) और रिम्पल कौर (केयर ऑफ बलबीर सिंह, निवासी- बिढौरा, सितारगंज, उधम सिंह नगर, उम्र- 34 वर्ष) ने फर्जी व मिलीभगत के आधार पर खुलवाया था।

मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक संदीप पिलखवाल ने बताया कि यह खाता वास्तविक व्यापार के लिए नहीं, बल्कि केवल धोखाधड़ी से प्राप्त अवैध कमाई को खपाने के उद्देश्य से खोला और चलाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इस पूरे फर्जीवाड़े में संबंधित बैंक अधिकारियों की लापरवाही या संलिप्तता की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता, जिसकी गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश और खाते से जुड़े वित्तीय लेनदेन के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।