चम्पावत में भारी बारिश का खतरा, 19 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी; जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर
चम्पावत। चम्पावत जिले में अगले 48 घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 18 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट और 19 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी दी है। संभावित आपदा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा है और अधिकारियों-कर्मचारियों को हर समय उपलब्ध रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मनीष कुमार ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र सिंह पटवाल ने बताया कि आईआरएस प्रणाली में नामित सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रखा गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और एनपीसीसी को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी सड़क के बाधित होने की स्थिति में तत्काल मशीनरी लगाकर सुरक्षित तरीके से मार्ग खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सभी तहसीलदारों और राजस्व उपनिरीक्षकों (पटवारियों) को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जिले के सभी थाना एवं पुलिस चौकियों को आपदा राहत उपकरणों और वायरलेस सेट के साथ पूर्ण सतर्कता बरतने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं होना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित किया जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को दें।
आपदा नियंत्रण कक्ष संपर्क
- फोन: 05965-230819 / 230703
- टोल फ्री: 1077
- मोबाइल: 9917384226, 7895318895
प्रशासन की सलाह: अफवाहों से बचें, मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से परहेज करें।

