चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : ग्राम पंचायत दियूरी के बिलौना तोक में लधिया नदी से हो रहे भू-कटाव का डीएम ने किया निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

कहा– भू-कटाव रोकने को चैनलाइजेशन व नाले के ट्रीटमेंट की होगी व्यवस्था

चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को ग्राम पंचायत दियूरी के बिलौना तोक का स्थलीय निरीक्षण किया। वे नदी के तेज प्रवाह से हो रहे भू-कटाव को देखने के लिए ट्राली से नदी पार कर मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना। ग्रामीणों ने बताया कि लधिया नदी के तेज प्रवाह के कारण लगातार भूमि का कटाव हो रहा है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी में आवश्यकतानुसार चैनलाइजेशन कर भू-कटाव को रोका जाए। राजस्व, कृषि एवं अन्य सम्बन्धित विभाग संयुक्त रूप से प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण कर किसानों को हुए नुकसान का आकलन करें और त्वरित मुआवजा उपलब्ध कराएं। जहां आवश्यकता हो, प्रभावित परिवारों के सुरक्षित स्थान पर विस्थापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कहा कि तोक बिलौना में भू-कटाव रोकने के लिए नाले का वैज्ञानिक तरीके से ट्रीटमेंट कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि भू-कटाव जैसी आपदा प्रभावित स्थिति में त्वरित कार्यवाही आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि राहत और सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ हर संभव मदद करेगा। भू-कटाव को रोकने के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी स्थिति में जनहानि या व्यापक संपत्ति नुकसान न हो। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अजय गणपती, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या सहित सिचाई, कृषि, उद्यान, राजस्व सहित अन्य विभागीय अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।