सब्जी लेकर घर लौट रहे बुजुर्ग किसान बने हाथी के हमले का शिकार!
उत्तराखंड में जंगली जानवरों का आतंक बरकरार है। नैनीताल जिले के कालाढूंगी में बंदोबस्ती क्षेत्र के हड़कियाचौड़ गांव में 68 वर्षीय किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को सहमा दिया है। प्रारंभिक आशंका हाथी के हमले की जताई जा रही है, जबकि असल कारण को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है।
मृतक की पहचान भूपेंद्र सिंह बिष्ट के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ चकलुवा क्षेत्र स्थित हड़कियाचौड़ गांव में रहते थे। बताया गया है कि शुक्रवार शाम वह रोजमर्रा की तरह पास लगने वाले साप्ताहिक बाजार से सब्जी लेने गए थे। लेकिन घर लौटते वक्त गांव के सुनसान रास्ते में उन पर किसी वन्यजीव ने हमला कर दिया।
हमला इतना भीषण था कि उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। कूल्हे की हड्डी टूट चुकी थी और जांघ के ऊपर की मांसपेशियां बुरी तरह फट गई थीं। यह साफ संकेत देता है कि हमला किसी बड़े और ताकतवर जानवर ने किया होगा। जब देर तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की और कुछ दूरी पर उनका घायल अवस्था में शव मिला।
परिवार इस घटना के पीछे हाथी के हमले की आशंका जता रहा है। मृतक के भाई हरेंद्र सिंह का कहना है कि बीते कुछ दिनों से गांव के रास्तों पर हाथियों की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। ऐसे में उन्हें पूरा संदेह है कि इसी मूवमेंट के दौरान यह हादसा हुआ होगा। हालांकि, वन विभाग इस निष्कर्ष पर अभी नहीं पहुंचा है। अधिकारियों का कहना है कि मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह भी संभावना है कि हमला किसी अन्य जंगली जानवर, जैसे बारहसिंगा, द्वारा किया गया हो। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सैंपल जुटाए हैं और जांच जारी है।

