बस्टिया और गैंडाखाली में हाथी ने रौंदी फसल, किसान परेशान; वन विभाग से लगाई मदद की गुहार
टनकपुर। शारदा वन रेंज से सटे गैंडाखाली और बस्टिया में हाथी का उत्पात एक बार फिर बढ़ने से किसान परेशान हो गए हैं। दोनों जगह हाथी को सोलर फेंसिंग के करंट भी नहीं रोक पा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से ठोस कार्य कराने की गुहार लगाई है।
बस्टिया के समाजसेवी राम सिंह धौनी ने बताया कि सोमवार की रात करीब एक बजे हाथी गांव में घुसा। जाग होने पर शोर मचाया गया और वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे वन कर्मियों और ग्रामीणाें ने शोर मचाया। देर रात करीब तीन बजे हाथी जंगल की ओर चला गया। इस बीच हाथी ने ग्रामीण जगत सिंह सामंत के गेहूं की फसल को रौंद दिया। इधर, शारदा वन रेंजर पूरन चंद्र जोशी ने बताया कि गैंडाखाली में भी हाथी रात में घुस आया। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।

