चंपावतनवीनतमबनबसा

बनबसा के देवीपुरा गांव में हाथी का आतंक, तीन घर क्षतिग्रस्त; प्रशासन ने किया स्थलीय निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

बनबसा/चम्पावत। बनबसा क्षेत्र के देवीपुरा गांव में बीती रात जंगली हाथी के आबादी में घुसने से तीन मकानों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद जिला प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया और क्षति का आकलन करते हुए वन विभाग को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने हाथी के बढ़ते खतरे से निजात दिलाने की मांग उठाई है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर मंगलवार को उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने देवीपुरा गांव पहुंचकर हाथी से हुई क्षति का जायजा लिया। प्रशासन के अनुसार हाथी के हमले से तीन मकान प्रभावित हुए हैं, जिनमें से एक भवन को अपेक्षाकृत अधिक नुकसान पहुंचा है। प्रभावित परिवारों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Ad Ad

निरीक्षण के दौरान वन विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, हाथी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित सूचना प्रणाली और सतर्कता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि वन विभाग के साथ समन्वय कर भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक उपायों और प्रभावी प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की जाएगी, ताकि वन्यजीव और मानव, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

इस दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को आबादी क्षेत्र से दूर करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने उन्हें भरोसा दिलाया कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और वन विभाग के सहयोग से सभी आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाएंगे।