टनकपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का फूंका पुतला

टनकपुर/चम्पावत। दिल्ली में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में सोमवार को नगर कांग्रेस कमेटी टनकपुर ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्याम कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए पीलीभीत चुंगी पहुंचे, जहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका गया।

इस दौरान नगर अध्यक्ष श्याम कुमार ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की मांगों को सुनने के बजाय दमनात्मक नीति अपना रही है। कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नीरज मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष आदिल, कांग्रेस सेवा दल के पूर्व अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद, पूर्व छात्रसंघ कोषाध्यक्ष साहिल गिरी, संगठन मंत्री इरशाद अंसारी, गौरव जोशी, सौरभ गिरी, आसिफ, राहुल राज, विनोद औली, शिवम मिश्रा, अर्जुन, मयूर बिष्ट, शहवाज, गौरव वर्मा, माजिद, अबरार, भोलेनाथ, वाजिद, राहुल, कमल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

