भीषण गर्मी में भी मां पूर्णागिरि धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 40 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
टनकपुर/चम्पावत। भीषण गर्मी के बावजूद उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ग्रीष्मकालीन अवकाश (समर वेकेशन) के कारण माता के दरबार में भक्तों का हुजूम लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में एक ही दिन में लगभग 40,000 श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि के दर्शन कर पुण्य कमाया।
मेला क्षेत्र और टनकपुर के स्नान घाटों पर सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। उत्तर प्रदेश के बरेली, लखीमपुर खीरी, बदायूं, लखनऊ, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत देश के कई राज्यों से हजारों भक्त यहां पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं ने टनकपुर स्थित मां शारदा नदी में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की, जिससे स्नानघाट दिनभर गुलजार रहे। सुरक्षा के लिहाज से घाटों पर जल पुलिस के जवान पूरी तरह मुस्तैद दिखे।

नेपाल के बाजारों में भी बढ़ी चहल-पहल
शारदा नदी में स्नान और मां पूर्णागिरि के मुख्य मंदिर में दर्शन करने के बाद श्रद्धालु निजी वाहनों, टैक्सियों और पैदल ही आगे की यात्रा तय कर रहे हैं। मान्यता के अनुसार, पूर्णागिरि दर्शन के बाद नेपाल स्थित बाबा सिद्धनाथ के दर्शन करना अनिवार्य माना जाता है। इसके चलते भारत-नेपाल सीमा और नेपाल के सीमांत बाजारों में भी श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही से खासी चहल-पहल बनी हुई है। बढ़ती भीड़ और भीषण गर्मी को देखते हुए मेला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मेला मजिस्ट्रेट ललित मोहन तिवारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पार्किंग, मुंडन स्थल और पूरे मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। गर्मी से राहत और आपातकालीन चिकित्सा के लिए जगह-जगह मेडिकल कैंप लगाए गए हैं।पुलिस प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए विभिन्न स्थानों पर पूछताछ केंद्र (हेल्प डेस्क) भी स्थापित किए गए हैं।

