चम्पावत : गौशाला में आग लगी, ग्रामीण को हुआ भारी नुकसान
चम्पावत। ग्राम सभा खलकड़िया क्षेत्र अंतर्गत मूसलाधार के समीप एक गौशाला में अज्ञात कारणों से भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार गौशाला स्वामी माधवानंद खर्कवाल ने बताया कि आग अचानक लगी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि गौशाला में रखा गायों का चारा, सूखी घास, बल्ली तथा अन्य सामान पूरी तरह उसकी चपेट में आ गया। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है, हालांकि वास्तविक क्षति का आंकलन किया जाना बाकी है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग बुझाने में काफी समय लग गया, तब तक गौशाला के भीतर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। इस दौरान ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से गौशाला के समीप बंधे अन्य पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। आग बुझाने और बचाव कार्य में राजू खर्कवाल, पंकज गरसाड़ा, शिक्षक योगेश खर्कवाल, बसन्त खर्कवाल, हेम गरसाड़ा, हरीश खर्कवाल, दीपक खर्कवाल सहित कई अन्य ग्रामीणों ने सराहनीय योगदान दिया। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से ही आग को फैलने से रोका जा सका। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाया जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई हो सके।

