चम्पावत: अक्षय तृतीया पर ‘श्री गोल्ज्यू संदेश यात्रा’ का भव्य आगाज़, 22 दिनों तक धर्म की अलख जगाएगी टोली
चम्पावत। न्याय के देवता के रूप में प्रसिद्ध भगवान गोल्ज्यू के दरबार, चम्पावत के गोरलदेव मंदिर से ‘श्री गोल्ज्यू संदेश यात्रा’ का विधिवत शुभारंभ हो गया है। आज, 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर इस द्विवार्षिक यात्रा का श्रीगणेश किया गया। यात्रा शुरू होने से पूर्व मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। पंडित बसंत बल्लभ पांडेय के सानिध्य में धार्मिक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसके बाद पारंपरिक ‘देवडांगरों’ ने उपस्थित भक्तों को अपना आशीर्वाद दिया।

यात्रा संयोजक विजय भट्ट के नेतृत्व में यह संदेश यात्रा दोपहर 2 बजे अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई। सचिव सतीश चंद्र पांडेय ने बताया कि इस 22 दिवसीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य धर्म और अध्यात्म का प्रसार करने के साथ ही कुमाऊँनी संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करना है। आज यात्रा का पहला पड़ाव टनकपुर रहा। यह यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए आगामी 9 मई को संपन्न होगी। इस गरिमामयी अवसर पर उपाध्यक्ष डॉ. श्याम सिंह कार्की, सुधीर शाह, एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, डंगरिया कमल जीना, सौरभ कार्की, दीपांशु कार्की और पृथ्वीपाल कार्की सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। चम्पावत की इस गौरवशाली परंपरा को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

