चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : बाराकोट में गुलदार ने महिला को घायल किया

ख़बर शेयर करें -

गुलदार को पकड़ने के लिए 5 टीमें तैनात, घायल महिला को दी गई ₹25 हजार की त्वरित सहायता

चम्पावत। बाराकोट विकासखंड के पुनई गांव में गुलदार ने हमला कर एक महिला को घायल कर दिया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए पांच टीमें तैनात कर दी हैं। दो पिंजरे में लगाए गए हैं। घायल महिला को 25 हजार रुपये की त्वरित सहायता प्रदान की गई है।

Ad Ad

गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा व ट्रैप कैमरा लगाते वन कर्मी।

जानकारी के अनुसार गुलदार के हमले में पुनई गांव निवासी 52 वर्षीय तुलसी देवी घायल हुई हैं। एसडीओ फॉरेस्ट सुनील कुमार ने बताया है कि गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग की 5 टीमें क्षेत्र में तैनात कर दी गई हैं और सघन तलाशी एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संभावित स्थानों पर 2 पिंजरे लगाए गए हैं, ट्रैंक्विलाइज़र (बेहोश करने वाली) विशेषज्ञ टीम फील्ड में सक्रिय है तथा गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर कैमरे स्थापित किए गए हैं। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, बच्चों एवं पशुओं को अकेला न छोड़ें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें।

उधर, उप जिला चिकित्सालय में महिला का उपचार करने वाली चिकित्सक डॉ. देवांशी ने बताया महिला की हालत काफी गंभीर है। गुलदार के द्वारा उनके चेहरे व गर्दन को बुरी तरह नोच डाला है। डॉ. देवांशी ने कहा है कि उनके द्वारा प्राथमिक उपचार कर महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। बताया महिला को प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत है। बताया फिलहाल महिला की स्थिति खतरे से बाहर है।

उधर, गुलदार के हमले की घटना से बाराकोट क्षेत्र में दहशत फैल गई है। घायल महिला को देखने पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी व भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजू अधिकारी ने बताया कि घटना काफी गंभीर है। पूर्व में भी गुलदार ने क्षेत्र में एक व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया था। लोगों ने वन विभाग से महिला को उचित मुआवजा देने व गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।