चम्पावत : बाराकोट में गुलदार ने महिला को घायल किया
गुलदार को पकड़ने के लिए 5 टीमें तैनात, घायल महिला को दी गई ₹25 हजार की त्वरित सहायता
चम्पावत। बाराकोट विकासखंड के पुनई गांव में गुलदार ने हमला कर एक महिला को घायल कर दिया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए पांच टीमें तैनात कर दी हैं। दो पिंजरे में लगाए गए हैं। घायल महिला को 25 हजार रुपये की त्वरित सहायता प्रदान की गई है।

जानकारी के अनुसार गुलदार के हमले में पुनई गांव निवासी 52 वर्षीय तुलसी देवी घायल हुई हैं। एसडीओ फॉरेस्ट सुनील कुमार ने बताया है कि गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग की 5 टीमें क्षेत्र में तैनात कर दी गई हैं और सघन तलाशी एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संभावित स्थानों पर 2 पिंजरे लगाए गए हैं, ट्रैंक्विलाइज़र (बेहोश करने वाली) विशेषज्ञ टीम फील्ड में सक्रिय है तथा गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर कैमरे स्थापित किए गए हैं। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, बच्चों एवं पशुओं को अकेला न छोड़ें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें।

