पैदल मार्ग पर शार्टकट लेना पड़ा भारी: खाई में गिरने से दिल्ली के युवक के पैर टूटे, यूपी के युवक की मौत
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शार्टकट रास्ते का इस्तेमाल करना दो दोस्तों के लिए जानलेवा साबित हो गया। पैदल मार्ग पर पोल संख्या 337 और 340 के बीच शार्टकट से नीचे उतरते समय अचानक पैर फिसलने से दो युवक गहरी खाई में गिर गए। हादसे की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र ने तुरंत एक्शन लेते हुए सैक्टर अधिकारी बड़ी लिनचोली, एसडीआरएफ (SDRF), वाईएमएफ (YMF) और स्थानीय पुलिस टीम को राहत व बचाव कार्य के लिए मौके पर रवाना किया।
घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू टीमों ने मुस्तैदी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। एसडीआरएफ की टीम ने एक घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर एमआरपी छोटी लिनचोली पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि युवक का पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया है। घायल को बेहतर इलाज के लिए कण्डी के सहारे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गौरीकुण्ड भेजा गया है। घायल युवक की पहचान 27 वर्षीय मोहित पुत्र ओमवीर के रूप में हुई है, जो गोकुलपुरी, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली का निवासी है। वहीं दूसरी ओर, वाईएमएफ और आपदा मित्रों की टीम ने खाई से दूसरे युवक को बाहर निकाला और एमआरपी भीमबली पहुंचाया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 27 वर्षीय प्रियांशू शुक्ला पुत्र नरेन्द्र शुक्ला के रूप में हुई है, जो फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। आपदा मित्रों और वाईएमएफ की टीम द्वारा मृतक के शव को गौरीकुण्ड लाया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कानूनी व वैधानिक कार्रवाई के लिए शव को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा जाएगा। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मुख्य रास्तों का ही प्रयोग करें और खतरनाक शार्टकट रास्तों पर चलने से बचें।

