नवीनतमनैनीताल

हल्द्वानी : घास लेने जंगल गई महिला को बाघ ने बनाया निवाला, दो किलोमीटर दूर मिला शव

ख़बर शेयर करें -

बाघ के हमले में महिला की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है, महिला का पार्थिव शरीर रखकर जाम लगा दिया

हल्द्वानी। रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज में जंगल में घास लेने गई महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। महिला का शव घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर जंगल में मिला। महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। गुस्साए लोगों ने वन विभाग की चौकी में महिला का पार्थिव शरीर रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने वन विभाग के गेट को तोड़ने का भी प्रयास किया।

Ad Ad

हल्द्वानी के कटघरिया क्षेत्र स्थित पनियाली जंगल में घास काटने गई एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। दोपहर बाद भी जब महिला घर नहीं लौटी तो परिजनों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम ने जंगल में कांबिंग शुरू की। जानकारी के अनुसार कमला फर्त्याल निवासी पनियाली रोज की तरह आज भी सुबह अकेले जंगल में घास लेने गई थी। दोपहर तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। थक हार पर परिजनों ने मामले की सूचना वन विभाग और मुखानी थाना पुलिस को दी।

सूचना पर पहुंची टीमों ने स्थानीय लोगों के साथ जंगल में महिला की तलाश में कांबिंग की। इस दौरान टीम को कई जगह खून और महिला के कपड़े मिले। लगभग दो किलोमीटर अंदर जंगल में महिला का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ। जिसके बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। इस दौरान ग्रामीण वन विभाग के खिलाफ आक्रोशित भी दिखाई दिए।

उधर, हल्द्वानी के पीपलपोखरा गांव की गंगा देवी को निवाला बनाने के 13 दिन बाद बाघ ने पनियाली की कमला को मारकर उसका आधा शरीर खा लिया। शाम को शव गांव लाया गया तो आक्रोशित ग्रामीण वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। देर शाम सात बजे तक कोई अफसर नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों का खून खौल गया। उन्होंने कठघरिया मुख्य मार्ग स्थित वन चौकी में शव रखकर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस के साथ पहुंचे अधिकारियों ने लोगों से वार्ता कर बाघ को आदमखोर घोषित कर जल्द पकड़ने के आश्वासन दिया।

सुबह आठ बजे जंगल गईं कमला देवी के देर शाम तक नहीं लौटने पर ग्रामीणों को चिंता हुई। तलाश करने पर जंगल में उनका क्षत- विक्षत शव मिला। शव घर लाया गया तो सैकड़ों ग्रामीण जुट गए। जिला पंचायत सदस्य छवि कांडपाल, दायित्वधारी शंकर कोरंगा के अलावा पूर्व प्रधान मनीष आर्या, प्रमोद बोरा, नवीन भट्ट, प्रमोद तोलिया के साथ ही तमाम लोगों ने वन विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। काफी देर तक जब कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो लोग शव लेकर कठघरिया चौराहे पर पहुंचे और वहां स्थित वन विभाग की चौकी में महिला का पार्थिव शरीर रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने वन विभाग के गेट को तोड़ने का भी प्रयास किया। मामला बढ़ता देख मौके पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के अलावा मुखानी थाना पुलिस व वन विभाग की टीम भी पहुंची। डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया और एसपी सिटी के साथ ग्रामीणों की वार्ता हुई।
अधिकारियों ने बाघ पकड़ने के लिए जल्द से जल्द प्रक्रिया शुरू करने, आदमखोर घोषित करने, पिंजरा लगाने, कैमरा ट्रैप, कमला देवी के परिजनों को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। वार्ता के बाद रात करीब आठ बजे ग्रामीण माने और शव मोर्चरी भेजा गया।