हल्द्वानी पति के बाद पत्नी ने भी खत्म कर लिया अपना जीवन, मासूम हुआ अनाथ
हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक दुखद खबर सामने आ रही है। जहां पर महिला ने अपने पति की मौत के ठीक 1 साल बाद आत्मघाती कदम उठाते हुए खुद की जान ली है। घटना के बाद से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं एक मासूम बच्चे के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले के हल्द्वानी की निवासी 43 वर्षीय विमला सती ने बीते बुधवार की रात अपने 15 वर्षीय बेटे दक्ष और सास सीला के साथ खाना खाया। इसके बाद विमला रात के करीब 12:30 बजे तक अपने बेटे दक्ष के साथ टहल रही थी। काफी रात होने के कारण दक्ष को नींद पड़ गई, लेकिन विमला को नींद नहीं आई। नींद ना आने के बाद विमला ने एक सुसाइड नोट लिखा। जिसमें उसने कहा है कि वह अपनी मौत की जिम्मेदार खुद है। अगर वह जिंदा रहेगी तो पागल हो जाएगी। इससे अच्छा मरना ही सही है। सुसाइड नोट लिखने के बाद विमला फंदे पर झूल गई।
बताया जा रहा है कि विमला के पति कौशल कुमार प्रॉपर्टी डीलर थे। जिन्होंने एक साल पहले आत्मघाती कदम उठाते हुए खुद की जान ली थी। कौशल की मौत के बाद से उनकी पत्नी के जख्म एक साल बाद भी भर नहीं पाए थे। जिसके कारण वह डिप्रेशन में चली गई थी। विमला की डिप्रेशन की दवाइयां चल रही थीं। उसे देर रात तक नींद भी नहीं आती थी। पुलिस प्रशासन को मृतका विमला सती के पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

