क्राइमनवीनतमनैनीताल

हल्द्वानी दोहरा हत्याकांड : एमबीपीजी कॉलेज की छात्रा थी मृतका

ख़बर शेयर करें -

पुलिस के अनुसार युवक की पहचान 31 वर्षीय शुभम टम्टा निवासी अल्मोड़ा लोहर माल रोड तल्ला खोलटा व युवती 19 वर्षीय लक्ष्मी पोखरिया निवासी मल्ली पोखरी, ओखलकांडा नैनीताल के रूप में हुई है। मृतका एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मृतक युवती के भाई सुरेश चंद्र पोखरिया ने मृतका की पहचान लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चंद्र पोखरिया निवासी पोखरी ओखलकांडा के रुप में। सुरेश पोखरिया ने बहन की हत्या की तहरीर पुलिस को सौंपी है। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात से जुड़ा कोई सुराग मिल सके। मंडी के व्यापारियों, कर्मचारियों और मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं।

प्रारंभिक तौर पर आपसी रंजिश या प्रेम प्रसंग की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा, लेकिन पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों को खंगालने की बात कही है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के समय और वारदात की परिस्थितियों को लेकर और स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। मंडी जैसे व्यस्त और सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की दोहरी हत्या ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों दिखाई दे रहे हैं।