रामनगर में भीषण सड़क हादसा : कार और पिकअप की भिड़ंत में दो डॉक्टर गंभीर घायल
रामनगर/नैनीताल। नेशनल हाईवे 309 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामनगर से आगे रिंगोड़ा के पास पिकअप वाहन और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बरेली स्थित रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हादसे में घायल युवक-युवती की पहचान बरेली के रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के एनेस्थेजिया विभाग के पीजीजेआर सेकंड ईयर के छात्र-छात्रा डॉ. अभिषेक और डॉ. प्रस्तुति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों शुक्रवार सुबह गर्जिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रिंगोड़ा के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उनकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद बंजी जंपिंग से जुड़े कुछ स्थानीय युवाओं ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए बिना देरी किए दोनों घायलों को अपने निजी वाहन से रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक ने बताया है कि दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे हुई थी और 7:30 बजे दोनों घायलों को अस्पताल लाया गया। महिला डॉक्टर के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, सिर की हड्डियां तक दिखाई दे रही थीं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर पर टांके लगाए गए। वहीं डॉ. अभिषेक के पैरों और कूल्हे में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की हालत गंभीर होने और परिजनों के आग्रह पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज, बरेली रेफर किया गया है। दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से बरेली भेज दिया गया है।

