चम्पावत : निर्दलीय ममता वर्मा ने भी प्रचार में झोंकी ताकत, बना रही हैं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच
चम्पावत। नगरपालिका अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी ममता वर्मा व उनके पति निवर्तमान चेयरमैन अपने समर्थकों के साथ धुंआधार प्रचार में जुटे हुए हैं। निर्दलीय ममता वर्मा को मिल रहे जनता के समर्थन ने चम्पावत में भाजपा व कांग्रेस की परेशानी काफी हद तक बढ़ा दी है। ममता वर्मा व विजय वर्मा को हर वर्ग के लोगों का सहयोग मिल रहा है। जिस कारण ममता व उनके समर्थकों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पालिका अध्यक्ष के लिए मैदान पर उतरी निवर्तमान पालिका अध्यक्ष विजय वर्मा की धर्मपत्नी ममता वर्मा को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। अब देखना होगा कि 23 जनवरी को मतदाता किस उम्मीदवार को अपना अध्यक्ष चुनते हैं।
शनिवार को दर्जनों समर्थकों के साथ निर्दलीय प्रत्याशी ममता वर्मा ने नागनाथ वार्ड, बालेश्वर वार्ड, पूल्ड आवास में कार्यकर्ताओं व मातृशक्ति के साथ घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। इस दौरान ममता वर्मा को लोगों का भरपूर सहयोग मिला। वहीं विजय वर्मा भी समर्थकों के साथ लोगों के बीच पहुंच कर ममता वर्मा के लिए विकास के नाम पर वोट मांग रहे हैं। वहीं बीते पांच सालों में चम्पावत नगर क्षेत्र में ममता वर्मा के पति निवर्तमान पालिका अध्यक्ष विजय वर्मा के द्वारा किए गए विकास कार्य उनकी सबसे बड़ी ताकत बने हुए हैं।
इस बार नगर पालिका चम्पावत में अध्यक्ष पद के लिए महिला सीट आरक्षित की गई है। जिसके चलते इस बार चम्पावत में भाजपा, कांग्रेस व ममता वर्मा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। भाजपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमा पांडेय को टिकट दिया है। उनके पति एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं। वहीं कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत की पत्नी नीमा कठायत को मैदान में उतारा है। कांग्रेस और भाजपा ने भी प्रचार में पूरी ताकत झोंकी है।