उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, दो भाईयों समेत तीन युवकों की हुई दर्दनाक मौत

ख़बर शेयर करें -

खटीमा। उधम सिंह नगर जनपद के सितारगंज में गुरुवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में तीन मासूम युवकों की जिंदगी खत्म हो गई। अमरिया रोड के मलपुरी इलाके में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे जा रही रेडी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि रेडी में सवार तीन युवक मौके पर ही अपनी जान गंवा बैठे, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चिकित्सकों ने उसे तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार की शाम युवक गौरीखेड़ा से सितारगंज की ओर रेडी पर सवार होकर जा रहे थे। अचानक पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा अज्ञात वाहन रेडी से टकरा गया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि रेडी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। युवकों को बचाने का कोई मौका ही नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सितारगंज उपजिला चिकित्सालय ले गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया।

Ad Ad

मृतकों की पहचान शादाब, नाजिम और सुलतान के रूप में हुई है। तीनों गौरीखेड़ा, सितारगंज के रहने वाले थे। सूत्रों के अनुसार शादाब और नाजिम सगे भाई थे। हादसे की खबर सुनते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। सितारगंज उपजिला चिकित्सालय के बाहर परिजनों का जमावड़ा लग गया। मां-बहनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। एक परिजन ने बताया, “ये तीनों तो अभी जिंदगी की शुरुआत कर रहे थे, एक वाहन ने सब कुछ छीन लिया।”
सितारगंज पुलिस ने तुरंत मामले में संज्ञान लिया। क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी खुद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में चेकिंग भी तेज कर दी है। एसपी उधम सिंह नगर ने कहा है कि दोषी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Ad Ad